मौत बनकर गिरी श्मशान घाट की बाउण्ड्री
ठेकेदार ने भी 16 अनुपात 1 के सीमेंट—बालू के मिश्रण से चहारदीवारी का किया था निर्माण
लाखों की रकम सरकारी खजाने से खर्च किये जाने के बाद गुणवत्ता पर बीडीओ ने नहीं दिया था ध्यान
तेजस टूडे ब्यूरो
शिवेन्द्र नारायण तिवारी
प्रयागराज। शंकरगढ़ विकास खण्ड क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में श्मधान घाट में 3 महीना पहले लाखों रुपए की रकम खर्च करके चहारदीवारी का निर्माण सरकारी योजना से कराया गया था। निर्माण के गुणवत्ता की देख—रेख की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी की थी लेकिन खंड विकास अधिकारी ने ठेकेदार से 25 प्रतिशत कमिशन वसूलकर गुणवत्ता को नजरअंदाज कर दिया। इससे ठेकेदार ने भी 16 अनुपात 1 के सीमेंट बालू के मिश्रण से चहारदीवारी का निर्माण कर दिया। हल्की बारिश में श्मशान घाट की बाउंड्री तेज आवाज के साथ धराशायी हो गई है। मौके पर तमाम लोग खड़े थे। यह तो संयोग अच्छा था कि बाउंड्री गिरने के वक्त लोग भाग खड़े हुए जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा श्मशान घाट की बाउंड्री गिरने के बाद मौके पर एक नया श्मशान घाट बन जाता और श्मशान घाट की बाउंड्री में कितने लोग दब जाते, इस बात की गिनती करना अधिकारियों के लिए मुश्किल होता।
बता दें कि प्रदेश की योगी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की बात कर रही है। उन्हीं के सरकार में खंड विकास अधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। ठेकेदार से लेकर ग्राम प्रधान तक श्मशान घाट की बाउंड्री में हिस्सेदार बताए जाते हैं। पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान ने भी खंड विकास अधिकारी के अलावा 20 प्रतिशत अपने लिए वसूली की थी जिसके चलते मानक विहीन श्मशान घाट की बाउंड्री बनाई गई है जो निर्माण के 3 महीने में ही धराशायी हो गई है। इससे एक बार फिर प्रयागराज में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल उठता है कि क्या कमीशन खोरी करने वाले खंड विकास अधिकारी के कारनामे को जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी गंभीरता से लेकर जांच करते हुए खंड विकास अधिकारी पर मुकदमा दर्ज कराकर उनकी गिरफ्तारी करेंगे या जांच के नाम पर अधिकारियों के सरपरस्ती में सब कुछ लीपापोती होती रहेगी। योगी सरकार की व्यवस्था पर यह बड़ा सवाल खड़ा है। यदि मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच हुई तो पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान और खंड विकास अधिकारी पर मुकदमा दर्ज होकर इनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित है।
सबसे अहम बात तो यह है कि जब श्मशान घाट की चहारदीवारी गिर जाने के बाबत खंड विकास अधिकारी से बात की गई तो वह गिरने की बात को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि बाउंड्री नहीं गिरी है। सवाल पूछने पर वह लिखकर मांग रहे हैं जिससे उनके लापरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। जानकारी मिलने के बाद उनको मौके पर जाकर प्रकरण की जांच करनी चाहिए। दोषी को दंडित करना चाहिए लेकिन उन्होंने अपने कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही बरती है। सवाल पूछने पर खंड विकास अधिकारी का कहना है कि तुम लोग अफवाह फैला रहे हो। फिलहाल बाउंड्री गिरने के मामले को वह पूरी तरह से अधिकारियों के संज्ञान में नहीं लाना चाहते हैं। लीपापोती कर मामले को दबाने के प्रयास में खंड विकास अधिकारी लगे हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












