प्रवेश परीक्षा के लिये ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित: देवब्रत यादव

तेजस टूडे सं.
बृजेश यादव
जौनपुर। सहायक श्रमायुक्त देवब्रत यादव ने बताया कि उ०प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय करसडा वाराणसी के शैक्षणिक सत्र 2027-28 में प्रवेश हेतु उ०प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 की महामारी के दौरान कोरोना से निराश्रित हुए बच्चों (महिला कल्याण विभाग लखनऊ से प्राप्त सूची के आधार पर) तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के लिये पात्र बच्चों के सामाज की मुख्य धारा से जोड़े जाने हेतु कक्षा 6 में उपलब्ध कुल 140 सीट (70 बालक एवं 70 बालिकायें) व कक्षा 9 में उपलब्ध कुल 13 सीट (4 बालक एवं 9 बालिकायें) के लिए प्रवेश परीक्षा हेतु ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किया जा रहा है।
प्रवेश परीक्षा की तिथि 31 जनवरी 2027 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। आवेदन पत्र ऑनलाइन/ऑफलाइन माध्यम से अन्तिम तिथि 5 जनवरी 2027 सायं 5 बजे तक जमा किये जा सकते है। 30 अक्टूबर 2026 को कम से कम 3 वर्ष बोर्ड की सदस्यता/पंजीकरण अवधि पूर्ण कर चुके अद्यतन नवीनीकृत निर्माण श्रमिकों के अधिकतम दो बच्चे, कोविड 19 से अनाथ हुए बच्चे जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीयन हो अथवा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) हेतु पात्र बच्चे, प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने/आवेदन करने के लिए पात्र होंगे। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के मध्य तथा कक्षा 9 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के मध्य होना आवश्यक है। ऑनलाइन आवेदन हेतु उम्मीदवार बोर्ड की वेबसाइट (UPBOCW.IN) के माध्यम से ऑनलाइन कर सकेंगे एवं एनआईसी जौनपुर की वेबसाइट jaunpur.nic.in पर भी आवेदन फार्म उपलब्ध है।
ऑफलाइन आवेदन पत्र किसी भी सामान्य कार्य दिवस में प्रातः 10.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक दिनांक 20 नवम्बर 2026 से निःशुल्क कार्यालय सहायक श्रमायुक्त जौनपुर से प्राप्त किए जा सकते है। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र कार्यालय में 5 जनवरी 2027 तक जमा किये जा सकते हैं। आवेदन हेतु निम्नलिखित अभिलेख आवश्यक होंगे:- निर्माण श्रमिक होने की दिशा में अद्यतन नवीनीकृत निर्माण श्रमिक कार्ड, राज्य आश्रित होने की दशा में माता व पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, अभ्यर्थी के जन्म प्रमाण पत्र की प्रति, अभ्यर्थी के आधार कार्ड की प्रति, अभ्यर्थी (छात्र/छात्रा) का पेन नं० Personal Education Number (PEN½, जाति प्रमाण पत्र की प्रति, तीन पासपोर्ट साइज की अद्यतन फोटो, कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा में मानसिक क्षमता परीक्षण, अंक गणित परीक्षण, भाषा परीक्षण के 100 अंक के 80 प्रश्न एवं कक्षा-9 हेतु अंग्रेजी, हिन्दी, गणित, विज्ञान के 100 अंक के प्रश्न पूछे जायेंगे जिसमें उच्च प्राप्ताकों के अनुसार चयन मेरिट के आधार पर होगा। सभी वर्गों के लिये आरक्षण नियमानुसार लागू होगा। प्रवेश से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या समस्या के निराकरण हेतु कार्यालय के फोन नंबर-05452-316105 पर एवं कार्यालय सहायक श्रमायुक्त में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क कर सकते हैं।







