हॉरर टेलीफिल्म ‘कोहरा’ का लांच हुआ पोस्टर व ट्रेलर
963271
हॉरर टेलीफिल्म ‘कोहरा’ का लांच हुआ पोस्टर व ट्रेलर
21 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। जिले में बनी हॉरर टेलीफिल्म कोहरा का ट्रेलर और पोस्टर गांधी भवन में सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप सारंग ने लांच किया। पूजा फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले बना यह चलचित्र एक हॉरर टेलीफिल्म है जो पिछले काफी दिनों से चर्चा में है। अनुष्का पांडे द्वारा इसे यूट्यूब पर 21 फरवरी को लॉन्च किया जाएगा। यह पहला मौका है जब जिले के एक दर्जन युवा कलाकारों ने इस मूवी में काम किया है और फिल्म की लगभग शूटिंग बाराबंकी और प्रयागराज में हुई है। पूजा पाण्डेय के साथ फिल्म का निर्देशन विशाल पाण्डेय द्वारा किया गया है।
फिल्म की मुख्य भूमिका में अभिनेता अभिषेक कुमार, श्वेता शुक्ला, अंकुश शुक्ला, जितेंद्र कुमार, अनुष्का पाण्डेय, मुस्कान पाण्डेय, विशाल रॉक्स, सेजल, विशु सिंह, संजीव विनायक, निधि सिंह, श्रद्धा मिश्रा दिखेंगे। सहायक कलाकारों के रूप में राजनाथ वर्मा, सागर त्रिवेदी, अंश गुप्ता, देवेंद्र कश्यप, सानू खान ने अभिनय किया है।
मुख्य अतिथि प्रदीप सारंग का कहना है कि अक्सर किसी भी फिल्म का ट्रेलर या फिल्म आती है तो हमारे जहन में बड़े-बड़े कलाकार आने लगते हैं। बाराबंकी में बनी हुई हॉरर फिल्म कोहरा में स्थानीय कलाकारों को मौका मिलना एक अच्छी शुरुआत है। इस फिल्म में उभरते हुए कलाकारों को जगह दी गई है जो आने वाले समय में बड़े पर्दे पर भी नजर आएंगे। फिल्म डायरेक्टर विशाल पाण्डेय ने बताया कि फिल्म कोहरा एक कहानी है इंसान के लालच की, मानवता को कुचलने की और भावनाओ को तार तार करने की। यह कहानी है मीरा के प्रतिशोध की जिसमें एक भ्रष्ट बिल्डर के खिलाफ जब लोकतंत्र के चौथे प्रहरी की कलम चलती है तो उस पत्रकार की आवाज को कैसे दबाया जाता है और उसकी हत्या तक कर दी जाती है जिसका बदला उस पत्रकार की बहन मीरा कैसे लेती है और कैसे भ्रष्ट बिल्डर को बेनकाब करती है।
पूजा फिल्म्स की संस्थापिका, लोक गायिका और प्रोड्यूसर पूजा पाण्डेय ने फिल्म कोहरा की स्क्रिप्ट लिखी है। उन्होंने बताया कि कोहरा एक रहस्य है जिसे केंद्र में रखते हुए फिल्म की कहानी लिखी गई है। पूरी फिल्म में कोहरा की तरह ही रहस्य का धुंध छाया रहता है। इस फिल्म में जिले की उभरती हुई प्रतिभाओं को अपना टैलेंट दिखाने का मौका दिया गया है। पूजा फिल्म्स अभिनय के क्षेत्र में पहला कदम बढ़ाने जा रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।