नगर निगम के अतिक्रमण अभियान पर विवाद, स्थानीय समुदाय ने जतायी नाराजगी
963168
नगर निगम के अतिक्रमण अभियान पर विवाद, स्थानीय समुदाय ने जतायी नाराजगी
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाने के अभियान को लेकर हाल ही में विवाद सामने आया है। नगर निगम ने शहर के जाटवपुरी चौराहा से नया थाना रामगढ़ तक नाली किनारे लगे अतिक्रमण को हटाने का निर्णय लिया था जिसे लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाया है। स्थानीय मुस्लिम समुदाय का कहना है कि अभियान के दौरान सिर्फ मस्जिद बसिया की दीवार और आसपास बनी दुकानों को निशाना बनाया गया जबकि अन्य स्थानों पर बने अतिक्रमणों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा कुछ लोगों ने दावा किया है कि कार्रवाई के दौरान स्कूलों और चिकित्सकों के भवनों की सीढ़ियां भी तोड़ दी गईं जो कानून के खिलाफ है।
प्रभावित व्यक्तियों ने नगर निगम से मांग की है कि मस्जिद का पुनर्निर्माण कराया जाए और दुकानदारों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की भी चेतावनी दी है। इस मुद्दे को लेकर कई स्थानीय लोगों ने ज्ञापन भी सौंपा है जिसमें शारिक सलीम, सगीर खान, रिजवान मंसूरी सहित अन्य नागरिक शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के विपरीत है और इसे निष्पक्ष तरीके से जांचा जाना चाहिए। नगर निगम की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने और विवाद को सुलझाने की बात कही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।