…साहब मैं जिंदा हूं…सरकारी अभिलेखों में मृत हूं
अपने को जिंदा साबित करने के लिए अफसरों की चौखट नाप रहा रामफेर
मृतक दर्शाकर रामफेर की काट दी वृद्धा पेंशन व राशनकार्ड
राजेश कुमार श्रीवास्तव
अयोध्या। ‘साहब मैं जिंदा हूं, लेकिन सरकारी अभिलेखों में हमको मृत बता दिया गया है। साहब हमको सरकारी कागजों में जिंदा कर दीजिए’। अभिलेखीय साक्ष्य के साथ यह दर्द लेकर महादेव पुरवा मजरे अमहटा निवासी रामफेर तहसील ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय तक अफसरों की चौखट नाप रहे है।

पांच माह पहले उनकी अचानक वृद्धा पेंशन काट दी गई। फिर अचानक राशन कार्ड कट गया। वह परेशान हो गए तो सरकारी दफ्तरों में खोजबीन व पेंशन कटने के कारणों को जानने के लिए दौड़ भाग शुरू कर दिया। मजबूरन रामफेर ने जनसूचना अधिकार के तहत समाज कल्याण अधिकारी से जन सूचना मांगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी की तरफ से दी गयी जनसूचना में कहा गया कि वृद्धावस्था की पेंशन का सत्यापन खंड विकास अधिकारी कार्यालय से कराया जाता है। सत्यापन की जांच आख्या में मृतक दर्शाया गया है। जिसके कारण पेंशन बंद है। यह जानकारी मिलते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। रामफेर ने मामले की शिकायत डीएम, एसडीएम व बीडीओ से किया है।
अफसरों की संवेदनहीनता के चलते छह माह से न तो पेंशन मिल रही है और न ही राशन। दिलचस्प बात यह है कि जहां समाज कल्याण विभाग रामफेर को मृतक मान रहा है वही कृषि विभाग जिंदा कह रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि की धनराशि उनको मिल रही है। ग्राम प्रधान सुभाषिनी सिंह ने रामफेर के जिंदा होने की पुष्टि की है। ग्राम पंचायत अधिकारी अंकुर यादव ने बताया कि रामफेर का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज है। जीवित प्रमाण पत्र भी जारी किया गया है। ब्लॉक के सभी अखिलेखों में वह जीवित हैं। बीडीओ अखिलेश गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सत्यापन में कैसे उसे मृतक दशार्या गया है, इसकी जांच कराई जाएगी। एसडीएम स्वप्निल यादव ने बताया कि बीडीओ से जांच आख्या मांगी गई है। जांच कराकर दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















