HomeJaunpurJaunpur News: पुलिस लाइन्स में वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का हुआ...

Jaunpur News: पुलिस लाइन्स में वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का हुआ आयोजन

  • पुलिस लाइन्स में वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का हुआ आयोजन

  • हवाई हमले से लेकर राहत एवं बचाव कार्यों का किया गया सजीव प्रदर्शन

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने, विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत बनाने तथा किसी भी संभावित आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश के क्रम में पुलिस लाइन्स में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा वृहद ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी जारी होने से लेकर ब्लैकआउट, ड्रोन को निष्क्रिय करने, आग पर काबू पाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा विभिन्न स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तक की राहत एवं बचाव गतिविधियों का सजीव प्रदर्शन किया गया। अभ्यास में पुलिस, प्रशासन, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों ने प्रतिभाग करते हुए अपनी तत्परता, कार्यक्षमता एवं आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया।

सायं 6 बजे सामान्य जनजीवन के प्रदर्शन के साथ मॉक ड्रिल का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात 6:05 बजे हवाई हमले की सूचना देते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया। चेतावनी के रूप में दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया तथा निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। इस दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने पुलिस के सहयोग से लोगों को सतर्क करते हुए सुरक्षित स्थानों एवं बंकरों तक पहुंचाने की कार्रवाई का अभ्यास किया। साथ ही हवाई हमले जैसी स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के अगले चरण में स्थानीय पुलिस के सहयोग से नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा दुश्मन के ड्रोन को निष्क्रिय करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। इसके उपरांत 6:10 बजे हवाई हमले की समाप्ति का संकेत देते हुए ग्रीन सिग्नल जारी किया गया तथा दो मिनट तक एक ही सुर में सायरन बजाया गया। 6:12 बजे घटना नियंत्रण अधिकारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया गया और आवश्यक सूचनाएं नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई गईं।
इसके पश्चात राहत एवं बचाव कार्यों के अंतर्गत विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। अग्निशमन दल द्वारा गैस सिलेंडर, पेट्रोल सहित अन्य ज्वलनशील पदार्थों से लगी आग को नियंत्रित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। फायर सूट पहनकर आग से प्रभावित भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा फायर टेंडर की सहायता से आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, पट्टी बांधने, टूटी हड्डियों पर स्प्लिंट लगाने तथा स्ट्रेचर के माध्यम से घायलों को एम्बुलेंस तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
बचाव अभियान के दौरान ऊंची इमारत से जाल के सहारे लोगों को सुरक्षित निकालने, दुर्घटनाग्रस्त कार का शीशा तोड़कर उसमें फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने तथा दीवार काटकर बंद स्थान एवं मलबे में फंसे घायलों को सुरक्षित निकालने जैसी चुनौतीपूर्ण गतिविधियों का भी सजीव प्रदर्शन किया गया। इन अभ्यासों के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किसी भी दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में विभिन्न बचाव दल किस प्रकार त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित व्यक्तियों तक सहायता पहुंचा सकते हैं।
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने बचाव कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया। पुलिस बल ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली, स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा अग्निशमन दल ने आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई का अभ्यास किया।
इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महिपाल सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक तंत्र एवं संबंधित विभागों की तैयारियों का परीक्षण करना और उनकी कार्यक्षमता को और अधिक मजबूत बनाना है। किसी भी आपदा के दौरान त्वरित निर्णय, प्रभावी संचार व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस प्रकार के अभ्यासों से वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की हानि को न्यूनतम करने तथा प्रभावित लोगों को समय से राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

उन्होंने आमजन से भी अपील किया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में घबराने के बजाय धैर्य एवं सतर्कता बनाए रखें, प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा राहत एवं बचाव कार्यों में लगे कर्मियों का सहयोग करें। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महिपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चंद तिवारी, चीफ वार्डन नागरिक सुरक्षा डॉ. मनोज वत्स, पुलिस लाइन के आरआई डी.डी. दीक्षित सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। नागरिक सुरक्षा टीम के सदस्य दीपक श्रीवास्तव, नेहा जैन, एस.एन. सिंह, डॉ. अंजना सिंह, उर्वशी सिंह, आशीष श्रीवास्तव, रियाजुल हक, आबिश इमाम सहित नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के जवान तथा विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Must Read