डीएम ने टूंडला के सबसे बड़े मतदान केन्द्र का किया निरीक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने शनिवार को टूंडला क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति परखी। इस दौरान उन्होंने जनपद के सबसे बड़े मतदान केंद्र वीरी सिंह इंटर कॉलेज का दौरा किया। यहां स्थापित 14 बूथों पर विशेष अभियान दिवस के दौरान 20 नए युवा मतदाताओं ने मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया।
जिलाधिकारी ने कॉलेज परिसर में बूथ संख्या 157 से 170 तक पहुंचकर बीएलओ, सुपरवाइजर और संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने नए मतदाताओं और उनके अभिभावकों से भी बातचीत करके लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम और पिता का नाम दर्ज करते समय पहले से मौजूद नामों की पहचान के लिए सिस्टम में फ्लैगिंग की व्यवस्था की गई है जिससे दोहरी प्रविष्टियों पर रोक लगाने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कृषक इंटर कॉलेज पचोखरा स्थित बूथ संख्या 92, 93 और 94 का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित फार्म-6, 7 और 8 की प्रगति की समीक्षा किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद तहसील टूंडला के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें उपजिलाधिकारी धर्मवीर भारती, तहसीलदार देवानंद तिवारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निर्वाचन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों, बीएलओ की लॉगिन सक्रियता और फार्म अपलोडिंग की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन बूथों पर फार्म अपलोडिंग की संख्या शून्य या कम है, वहां प्राथमिकता से कार्य किया जाए। तकनीकी सहित अन्य व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान कर पात्र नागरिकों के आवेदन समय से दर्ज किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र युवा या नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।











