पशुओं की देखभाल के साथ उचित प्रबंधन जरूरी: कुलपति
पशु स्वास्थ्य प्रबंधन विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के पशु आनुवांशिकी एवं प्रजनन विभाग द्वारा पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति, गोरखपुर के तत्वाधान में पशु स्वास्थ्य प्रबंधन विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने किया।
कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय के समिति कक्ष में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों की आय का प्रमुख स्रोत पशुपालन है और इसकी शुरुआत पशुओं के स्वास्थ्य की उचित देखभाल और प्रबंधन के साथ होती है। पशुओं के बीमार होने से दुग्ध उत्पादन सबसे अधिक प्रभावित होता है। पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए प्रतिदिन उनकी देखभाल करना चाहिए। डा. बिजेंद्र ने कहा कि स्वस्थ पशुओं को संक्रमित पशुओं के संपर्क में नहीं आने दें और बाड़े में ज्यादा भीड़ नहीं होने दें।
निदेशक प्रसार प्रोफेसर ए.पी. राव ने कहा कि पशुओं को बीमारी से बचाव के लिए उनकी नाद को रोजाना साफ करते रहना चाहिए और पुराने चारे को हटाकर नया चारा डालना चाहिए। उन्होंने कहा कि संक्रमण से पशुओं को बचाने के लिए हमेशा स्वस्थ पशुओं के बाद ही बीमार जानवरों का दैनिक कार्य करना चाहिए। पशुपालक भाई पशुओं का टीकाकरण समय पर अवश्य कराएं। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक कुलपति के सचिव डा. जसवंत सिंह व नोडल प्रभारी डा. मनोज वर्मा रहे। कार्यक्रम का संचालन डा.वी.के. पाल ने किया। इस अवसर पर समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, वैज्ञानिक, किसान व छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












