सड़क हादसे में एक की हुई मौत, चार घायल
रौशन कुमार सोनू
कौआकोल, नवादा (बिहार)। कौआकोल-महुडर मुख्य पथ पर मधुरापुर गांव के पास दो बाइक के आपस में टक्कर हो जाने से बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार महुडर की ओर से तीव्र गति से दो बाइक सवार युवक मधुरापुर गांव के मोड़ से आगे आपस में जोरदार टक्कर हो गई।

जिससे दोनों बाइक पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद आनन फानन में स्थानीय लोगों द्वारा सरकारी एम्बुलेंस मंगवाकर एवं निजी वाहन से सभी घायलों को कौआकोल पीएचसी में भर्ती करवाया। बुरी तरह घायल जोगाचक गांव निवासी देवनन्दन यादव के 20 वर्षीय पुत्र कौशल कुमार की स्थिति अत्याधिक गंभीर रहने के कारण उसे तुरंत रेफर कर दिया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों में शामिल पचम्बा गांव निवासी नंदकिशोर यादव के 28 वर्षीय पुत्र विकास कुमार, उत्तरवारी धमनी गांव निवासी जहांगीर यादव के 20 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार, एवं गुआघोघरा गांव निवासी अनिल यादव के पुत्र सोनु कुमार एवं स्वर्गीय दरोगी यादव के पुत्र जीवन कुमार को कौआकोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद नवादा रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद जोगाचक गांव सहित प्रखण्ड में मातम छा गया। मृतक कौशल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जाता है। वह चार बहन का इकलौता भाई था। जिसके मौत के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है एवं स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। घटना में दोनों बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।







