मिर्जामुराद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 30 किलो गांजा के साथ दो को पकड़ा
गिरफ्तारी करने वाली टीम को मिला 10 हजार रूपये का इनाम व प्रशस्ति पत्र
निलेश त्रिपाठी
मिर्जामुराद, वाराणसी। स्थानीय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सोमवार को 30 किलो गांजा के साथ दो अभियुक्तों को धर दबोचा। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सोमवार को प्राप्त सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस ने साधु कुटिया के पास रखौना की तरफ से आ रहे व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति से पिट्ठू बैग व दूसरे से कैरी बैग में छिपाकर रखे कुल 30 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पूछताछ में एक ने अपना नाम साहेब अली उर्फ भोला मियां (38) निवासी ग्राम बखरी टोला, बलुआ जिला गोपालगंज बिहार बताया तो दूसरे ने अपना नाम अनूप गिरी (21) निवासी शादीपुर मठिया जिला सिवान बिहार बताया। दोनों ने बताया कि वह लोग गैंग बनाकर बिहार से गांजा लेकर जोधपुर राजस्थान में ले जाकर एक व्यक्ति को बेचते हैं। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के साथ एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था जो अभी पीछे था। तीनों मिलकर बस पकड़कर राजस्थान जाने वाले थे कि पुलिस ने पकड़ लिया, तीसरा साथी वसीर मियां अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस के हाथों बच निकला। स्थानीय पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया। पुलिस उपयुक्त गोमती जोन ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपय का पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। गिरफ्तारी करने वाले टीम में थानाध्यक्ष मिर्जामुराद आनंद चौरसिया, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल पवन यादव, हेड कांस्टेबल कमलेश यादव, चालक हरिराम शुक्ला आदि शामिल रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















