HomeTrendingछठ महापर्व पर देवरिया सदर एवं बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की...

छठ महापर्व पर देवरिया सदर एवं बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिये व्यापक प्रबन्ध

  • छठ महापर्व पर देवरिया सदर एवं बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिये व्यापक प्रबन्ध

  • यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी यात्री आश्रय स्थल निर्मित, यात्रियों को मिल रहीं विभिन्न सुविधाएं

तेजस टूडे ब्यूरो
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुये देवरिया सदर रेलवे स्टेशन परिसर में अस्थायी यात्री आश्रय स्थल का निर्माण कराया गया है। 60 फीट×40 फीट (2400 वर्ग फीट) के आकार वाले इस यात्री आश्रय स्थल में एक समय में लगभग 300 यात्रियों के ठहरने, बैठने एवं ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की क्षमता है।
छठ महापर्व के दौरान घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर निर्मित यह अस्थायी यात्री आश्रय स्थल काफी उपयोगी साबित हो रहा है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए विद्युत प्रकाश एवं पंखों की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल तथा प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सामान्य टिकट प्राप्त करने में यात्रियों को सहूलियत देने के लिए मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की व्यवस्था की गई है जिससे उन्हें टिकट काउंटरों पर अनावश्यक भीड़ एवं लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ रहा है।
देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए अलग-अलग शिफ्टों में ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं। यहां तैनात रेलकर्मी यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। टिकट वितरण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। साथ ही एटीवीएम एवं मोबाइल यूटीएस के संचालन में यात्रियों की सहायता के लिए पर्याप्त संख्या में फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। त्वरित एवं डिजिटल भुगतान की सुविधा के लिए सामान्य एवं आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराए गए हैं।
देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए स्टेशन परिसर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राज्य पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम तैनात की गई है। फुट ओवरब्रिज एवं प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
इसी क्रम में बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से बलिया रेलवे स्टेशन परिसर में 3 अस्थायी यात्री आश्रय स्थल (होल्डिंग एरिया) बनाए गए हैं। इनमें 20 फीट×50 फीट (1000 वर्ग फीट) आकार के दो तथा 20 फीट×75 फीट (1500 वर्गफीट) आकार का एक यात्री आश्रय स्थल बनाये गये हैं। इन तीनों आश्रय स्थलों में एक साथ लगभग 260 यात्रियों के बैठने एवं ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की क्षमता है।
बलिया रेलवे स्टेशन पर बनाए गए इन अस्थायी यात्री आश्रय स्थलों में यात्रियों की सुविधा के लिए विद्युत प्रकाश एवं पंखों की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है जिससे यात्रियों को टिकट प्राप्त करने के लिए अनावश्यक कतारों में खड़ा न होना पड़े। ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए यात्री आश्रय स्थलों में जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर एवं वीडियो पैनल लगाए गए हैं जिनके माध्यम से यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं दी जा रही हैं।
बलिया रेलवे स्टेशन पर निर्मित इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने एवं प्रतीक्षा करने की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो और यात्रियों का आवागमन सुचारु बना रहे। छठ महापर्व पर बलिया आने-जाने वाले यात्रियों के लिए ये अस्थायी यात्री आश्रय स्थल काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं।
बलिया रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को वाहन मुक्त रखने के विशेष प्रबंध किए गए हैं। बलिया रेलवे स्टेशन के प्रवेश एवं निकास मार्गों का समुचित प्रबंधन करने के साथ ही प्लेटफार्मों पर सीमांकन एवं बैरीकेडिंग की गई है। बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं। टिकट वितरण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं तथा एटीवीएम एवं एमयूटीएस के संचालन हेतु पर्याप्त संख्या में फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, त्वरित भुगतान के लिए सामान्य एवं आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
रेलवे प्रशासन द्वारा बलिया रेलवे स्टेशन पर किए गए इन व्यापक प्रबंधों का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान बलिया आने-जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से बलिया रेलवे स्टेशन पर निर्मित 3 अस्थायी यात्री आश्रय स्थलों में उपलब्ध सुविधाओं से यात्रियों को ट्रेनों की प्रतीक्षा के दौरान काफी राहत मिल रही है। साथ ही बलिया रेलवे स्टेशन परिसर में छठ महापर्व के पारंपरिक गीतों के मधुर प्रसारण से पर्व का उल्लासपूर्ण वातावरण बना हुआ है। रेलवे प्रशासन बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं सुरक्षा के लिए निरंतर तत्पर है तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहा है।

 

 

 

 

Must Read