कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करके की गयी तैयारियों की समीक्षा
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करके तैयारियों की समीक्षा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। साथ ही बताया कि 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी जबकि मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा। सभी पार्टियों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने और उसके सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। मतदान केंद्रों पर रहेंगे जरूरी इंतजाम डीएम ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और मतदाताओं के आवागमन के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। प्रत्येक मतदान स्थल पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी और मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। मोबाइल जमा कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था की होगी निगरानी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों में रहकर मतदान व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। मतदाताओं की पहचान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापित करने तथा किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में प्रशासन और पुलिस के संबंधित अधिकारी तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।













