नशा, बाल विवाह एवं भ्रूण हत्या के खिलाफ बालिकाओं ने निकाली रैली
तेजस टूडे ब्यूरो
जितेन्द्र सिंह चौधरी/कन्हैया लाल
मिर्जामुराद, वाराणसी। आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में सोमवार को बेनीपुर में बालिका महोत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान सैकड़ों किशोरियों ने नशा, बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ जागरूकता रैली निकालकर समाज में समानता का संदेश दिया। बेनीपुर, नागेपुर, करधना, गणेशपुर, कुंडरिया सहित आस—पास के गांवों से आई बालिकाओं ने बेनीपुर पंचायत भवन से बाजार तक रैली निकाली। रैली में शामिल बालिकाएं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘नजरें नहीं झुकाना है, आगे बढ़ते जाना है’, ‘भ्रूणहत्या बंद करो’, ‘बाल विवाह बंद करो’, ‘तिलक-दहेज बंद करो’ और ‘शराब की बिक्री पर रोक लगाओ’ जैसे नारे लगाते हुए चल रही थीं। बालिकाओं ने उत्तर प्रदेश में शराब की बिक्री पर रोक लगाने, दहेज के लोभियों तथा गर्भ में ही बेटियों की हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किया। रैली में बड़ी संख्या में मुस्लिम बालिकाओं ने भी भागीदारी कर सामाजिक एकता और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।
नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से किया गया जागरूक
रैली के बाद बेनीपुर पंचायत भवन स्थित आशा सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र पर बालिका महोत्सव हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान उमेश पटेल, पंचायत सचिव अंकित प्रताप सिंह और लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस दौरान बालिकाओं ने नाटक, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, बाल विवाह, लैंगिक असमानता, बालिकाओं के यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया।
महिलाओं की भागीदारी से ही मिटेंगी सामाजिक कुरीतियां
गोष्ठी में किशोरी संगठन की संयोजिका सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री बालिकाओं को समाज में बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं,लेकिन जब तक समाज में जागरूकता नहीं आएगी और नशे व शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लगेगी तब तक लड़कियों के खिलाफ अत्याचार पूरी तरह समाप्त नहीं होंगे। ओडिशा से आए सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत देहुरी ने कहा कि नशा, दहेज, बाल विवाह और कन्या भ्रूण हत्या समाज के लिए अभिशाप हैं। इन कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने के लिए महिलाओं को आगे आकर अपनी भूमिका निभानी होगी। सामाजिक कार्यकर्ता अनीता ने भी अपने विचार साझा करते हुए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकारों पर जोर दिया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में आशा मौर्या और राजकुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्षता अनीता एवं संचालन आशा ने किया। कार्यक्रम संयोजिका सोनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अजीत मिश्रा, बेबी, मनीषा, आशा, मैनम बानो, राजकुमारी, मधुबाला, रिया, शालू, अंजली, सीमा, आंचल, आफरीन, रितु, प्रियंका, करीना, आराधना, संध्या, उजाला, संतोषी, सरिता, करिश्मा, रामबचन सहित अनेक लोगों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकारों के लिए जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।













