डीएम ने जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की सुनीं समस्याएं
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आये हुये फरियादियों की शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता कल्लू निवासी ग्राम धनीपुर ने शिकायत किया कि प्रार्थी अपनी भूमिधरी भूमि में अपना घर बनाकर रह रहा है किन्तु पिन्टू कोरी, बबलू कोरी, रोहित कोरी, निर्मला कोरी आये दिन प्रार्थी की भूमिधरी भूमि में जबरन कब्जा कर रहे हैं। प्रार्थी के घर के सामने गोबर फेंक रहे हैं। जबरन भैस बांध रहे हैं। प्रार्थी द्वारा रोकने पर आमादा फौजदारी हो जाते हैं। जान से मारने की धमकी देते हैं। इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने एसएचओ कोतवाली देहात को निर्देशित किया कि मौके पर जाकर जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित कर आख्या उपलब्ध करायें। शिकायतकर्ता राजीव रंजन निवासी मझौली ने शिकायत किया कि प्रार्थी के परिवार के चाचा हरी लाल, अशोक कुमार व राम प्रताप एक जुट होकर प्रार्थी के खेत जोतने बोने से मना कर रहे है तथा मारने पीटने की धमकी देते रहते है जिससे प्रार्थी धान की फसल नहीं लगा सका। प्रार्थी ने तहसील व थाने में कई बार प्रार्थना पत्र दिया परन्तु अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने एसएचओ पट्टी कोतवाली को निर्देशित किया कि निरोधात्मक कार्यवाही करें। मौके पर जाकर सुनिश्चित करायें कि इनकी जमीन में किसी का अवैध हस्तक्षेप न हो।
इसी प्रकार जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अन्य प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण यथाशीघ्र किया जाय। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त राजस्व शिकायतों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर, शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें जिससे शिकायतकर्ता को इधर-उधर भटकना न पड़े।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













