ग्राम चौपाल में चकबन्दी प्रक्रिया पर किसानों ने जताया संतोष
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप सिंह
प्रतापगढ़। चकबन्दी आयुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के क्रम में तहसील लालगंज के ग्राम पूरे निर्मलगिरधर में ग्राम चौपाल का सफल आयोजन हुआ। चौपाल में चकबन्दी प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा किसानों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। चौपाल में चकबन्दी अधिकारी लालगंज अविनाश पाण्डेय, सहायक चकबन्दी अधिकारी रेहुआ लालगंज आनन्द कुमार, चकबन्दीकर्ता श्रीधर यादव, चकबन्दी लेखपाल सुनील चौहान, ग्राम प्रधान/चकबन्दी समिति अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम में उत्तर प्रदेश जोत चकबन्दी अधिनियम, 1953 की धारा-23 का प्रकाशन 19 फरवरी 2026 को किया जा चुका है। इसके पहले धारा-20 की कार्यवाही 22 जनवरी 2026 को पूर्ण की गई थी तथा 26 सितंबर 2025 को 22 सेक्टरों का निर्माण करते हुए प्रारंभिक चकबन्दी योजना तैयार की जा चुकी है। ग्राम चौपाल में उपस्थित किसानों ने धारा 7, 8, 9, 10, 20 एवं 23 के अंतर्गत अब तक की गई कार्यवाहियों पर संतोष व्यक्त किया और आगे की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। चौपाल के दौरान उपस्थित लवकेश यादव द्वारा चक संख्या-34अ से संबंधित मृतक खातेदारी के वरासत प्रकरण में आवेदन प्रस्तुत किया गया जिस पर सहायक चकबन्दी अधिकारी को धारा-12 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संतोष मिश्रा (चक संख्या-282) द्वारा अपनी पत्नी के साथ जोड़ने के सम्बन्ध में अवगत कराया इस सम्बन्ध में आपत्ति धारा-21(1) के अंतर्गत चकबन्दी अधिकारी लालगंज के न्यायालय में विचाराधीन बताई गई। उपस्थित चकबन्दी अधिकारी ने बताया कि उनके न्यायालय में 4 अन्य कालबाधित चक आपत्तियां विचाराधीन है जिसके अतिशीघ्र निस्तारण हेतु ग्राम में ही ‘ग्राम अदालत’ का आयोजन कर विचाराधीन आपत्तियां निस्तारित किये जाने हेतु चकबन्दी अधिकारी अविनाश पाण्डेय को निर्देशित किया गया।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नियमित बैठकें आयोजित कर किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें तथा धारा-24 के प्रकाशन की कार्ययोजना तैयार करते हुए 15 अप्रैल से चकों का सीमांकन एवं कब्जा परिवर्तन सुनिश्चित कराएं। कार्य में पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। चौपाल के उपरांत ग्राम पूरेरूप तहसील लालगंज के कृषकों को जोत चकबन्दी आकार पत्र-45 के उद्धरण भी वितरित किए गए। अंत में उपस्थित सभी कृषकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए ग्राम चौपाल की कार्यवाही संपन्न की गई।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










