मिशन इन्द्रधनुष में चल रहे टीकाकरण का डीएम ने किया निरीक्षण
बच्चों का अनिवार्य रूप से कराया जाए टीकाकरण: जिलाधिकारी
एम अहमद
श्रावस्ती। जिले में मिशन इन्द्र धनुष कार्यक्रम के तहत चल रहे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को लगने वाले टीकाकरण सत्र का जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने विकास खण्ड हरिहरपुर रानी के अन्तर्गत अमवा उपकेन्द्र पर जाकर आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान यह ज्ञात हुआ कि बच्चों को लगने वाला टीका पेंटा के उपरान्त बच्चों में बुखार आने की प्रबल सम्भावना रहती है, लेकिन यहां पर बच्चों को बुखार से बचाव के लिए पैरासीटामॉल टैबलेट उपलब्ध न होने एवं गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन की जांच हेतु स्ट्रीप की संख्या भी प्रचूर मात्रा में न पाये जाने एवं यहां पर इनकार परिवार होने के बावजूद सम्बन्धित सुपरवाइजर द्वारा समय से भ्रमण न करने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि वे स्वयं सी0एच0सी0/पी0एच0सी0 एवं उपकेन्द्रों पर दौरा कर पटरी पर उतरी चिकित्सा व्यवस्था को सुधारें, ताकि नवजात बच्चों से लेकर गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों को कोई दिक्कत न होने पाये। उन्होने यह भी कहा कि यदि पुनः निरीक्षण के दौरान किसी भी तरह की कमी पायी गई तो निश्चित ही सम्बन्धित अधीक्षक के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि टीकाकरण के दिन टीकाकरण स्थल में उपस्थित होकर पहले से लक्षित बच्चों का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराया जाए। उन्होने बच्चों के माता-पिता से मिलकर उनका कुशल क्षेम जाना तथा उनको टीकाकरण से होने वाले लाभ के बारे में भी बताया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम के तहत 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का टीकाकरण करना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, वजन, सुगर सहित अन्य सभी जांच करना भी सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिलाएं टीकाकरण से वंचित न रहने पाये, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होने सभी जनपद वासियों से अपील किया कि अपने बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराकर उनके जीवन को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनायें। उन्होने कहा कि यह टीकाकरण पूर्ण रूप से सुरक्षित है, इसलिए बच्चों के माता-पिता को किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नही है। उन्होने समस्त ग्राम प्रधानों से भी अपेक्षा की है इस टीकाकरण कार्यक्रम में पूरा सहयोग करें तथा लोगों को टीकाकरण कराने हेतु प्रेरित करें। इस दौरान यूनीसेफ के डी.एम.सी. अमित श्रीवास्तव, बी0एम0सी0 वीरेन्द्र तिवारी सहित आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं समस्त पैरामेडिकल कर्मीगण उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










