संचारी रोग, दिमागी बुखार पर नियंत्रण व त्वरित इलाज प्राथमिकता: डीएम
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान सम्बन्धी बैठक हुई सम्पन्न
एम. अहमद
श्रावस्ती। जिलाधिकारी नेहा प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान को सफल बनाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग तथा दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा इनका त्वरित इलाज एवं सहयोग सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में एक है।
जनपद में 1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 17 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाकर जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सजग एवं जागरूक करते हुए विशेष साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया जायेगा। संचारी रोग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर क्षयरोग, दिमागी बुखार, खॉसी, जुखाम तथा विभिन्न संचारी रोगों से बचाव हेतु अभियान चलाकर सर्वें किया जाए, तथा इसके उपचार के विषय में स्वास्थ्य शिक्षा तथा आवश्यक जानकारी देते हुए जन जागरूकता फैलाने का कार्य भी कराया जाए।
जन जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यह ध्यान रखा जाए कि कोई भी गांव, मोहल्ला व घर छूटने न पावे। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान को सफल बनाने हेतु शिक्षा विभाग, कृषि, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज विभाग, पशुपालन विभाग एवं नगर पालिका/नगर पंचायत विभाग से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ढंग से कार्य करके इस कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने अन्य विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुचारू ढंग से करायें। उन्होने निर्देश दिया कि संचारी रोग अभियान में भाग लेने वाले सभी विभाग अपनी रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराएंगे। उन्होने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षको, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी नगर पालिका, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संचारी रोग को दृष्टिगत रखते हुए साफ-सफाई, सेनेटाइजेशन, फॉगिंग, जल भराव, उथले हैंडपंपों का चिन्हीकरण कराकर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाय तथा विशेष अभियान चलाकर जन जागरूकता फैलाई जाय।
इसके अलावा खुली नालियों को ढकनें की व्यवस्था एवं नालियों की साफ-सफाई जल भराव वाले स्थानों पर चूना का छिड़काव कराने के निर्देश दिये। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा जारी कोविड-19 की गाइड लाइन का अनुपालन कराते हुए कार्यक्रम का संचालन कराया जाए। उन्होने निर्देश दिया कि संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार से सम्बन्धित रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु जनपद, ब्लाक तथा पंचायत व ग्राम स्तरों पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनायें।
बैठक का संचालन मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एस0पी0 तिवारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एस0पी0 तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 जेता सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 उदय नाथ, वरिष्ठ जिला विशेषज्ञ (आर0एम0एन0सी0एच0) डा0 सुरभि यादव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी अभय प्रताप, डब्ल्यू0एच0ओ0 के एस0एम0ओ0, यूनिसेफ के प्रतिनिधि सहित सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गण एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











