गोमती नगर विस्तार में वेयरहाउस कर्मचारी पर जानलेवा हमला
सिर में आयी गम्भीर चोट, शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने का आरोप
तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय/अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। गोमती नगर विस्तार क्षेत्र के खरगापुर स्थित लाल कोठी के पास एक वेयरहाउस में काम करने वाले कर्मचारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग प्रवृत्ति के आशीष राजपूत और उसके भाई ने मिलकर वेयरहाउस कर्मचारी पर हमला कर दिया जिसमें कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल कर्मचारी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष न्याय की गुहार लेकर संबंधित थाने पहुंचा और पुलिस से लिखित शिकायत किया लेकिन आरोप है कि अब तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि हमले के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं जबकि घायल कर्मचारी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंभीर चोट पहुंचाने की शिकायत के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज क्यों नहीं हुआ? क्या पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए पुलिस किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही है? अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है। पीड़ित परिवार ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले में निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग किया है।












