HomeTrendingसेना के प्रदीप चौधरी एवं नीतू ने जीती 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी...

सेना के प्रदीप चौधरी एवं नीतू ने जीती 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन प्रतियोगिता

  • सेना के प्रदीप चौधरी एवं नीतू ने जीती 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन प्रतियोगिता

  • मुंबई के राज तिवारी एवं बलिया की संध्या यादव दूसरे तथा निखिल सिंह सहित अन्नू तीसरे स्थान पर रहीं

  • बृहस्पतिवार सुबह 6:30 बजे आनंद भवन से मैराथन का शुभारंभ मंडलायुक्त एम लोकेश ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना कर किया

तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। 41वीं अखिल भारतीय प्राइज मनी इंदिरा मैराथन एवं हाफ मैराथन का आयोजन गुरुवार को प्रयागराज में आयोजित किया गया। सुबह 6.30 बजे मंडलायुक्त लोकेश एम एवं जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने आनंद भवन से हरी झंडी दिखाकर 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन के साथ 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन का शुभारंभ किया। फुल मैराथन के पुरुष वर्ग में मुंबई के प्रदीप चौधरी प्रथम रहे। वह भारतीय सेना में नायब सूबेदार हैं। दूसरे स्थान पर मुंबई के राज तिवारी और तीसरे स्थान पर निखिल सिंह रहे। वहीं महिला वर्ग में नीतू कुमारी पहले स्थान पर रहीं। नीतू पीएसी की 35वीं वाहिनी लखनऊ में तैनात हैं। दूसरे स्थान पर बलिया की संध्या यादव एवं तीसरे स्थान पर पुलिस विभाग की अन्नू रहीं। हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में जौनपुर के विशाल यादव ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर संत रविदास नगर के सतीश कुमार वर्मा और तीसरे नंबर पर राजस्थान के मुकेश कुमार रहे। वहीं महिला वर्ग में प्रयागराज की पुष्पा यादव प्रथम रहीं। मिर्जापुर की बबिता और कौशाम्बी की प्रीति दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। इंदिरा मैराथन दौड़ देश की पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी की स्मृति में उनकी जयंती 19 नवंबर को होती है। पहली बार यह मैराथन वर्ष 1985 में हुई थी। इसमें राजीव गांधी द्वारा पुरस्कार दिया गया था। प्रतियोगिता के लिए पुरूष वर्ग में 396 एवं महिला वर्ग में 40 कुल 436 खिलाड़ियों ने तथा प्रथम हाफ मैराथन में पुरूष वर्ग में 421 एवं महिला वर्ग में 71 कुल 492 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। समापन तथा पुरस्कार वितरण महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी एवं मुख्य अतिथि डा० आरपी सिंह, निदेशक खेल, उ०प्र० लखनऊ के कर कमलों द्वारा किया गया। समापन अवसर पर रूस्तम खॉन से०नि० क्रीडाधिकारी एवं उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के उप सचिव, सतयेन्द्र सिंह सचिव, जिला एथलेटिक्स संघ प्रयागराज सुनील कुमार भारतीय, क्रीडाधिकारी, फतेहपुर, संदीप गुप्ता क्रीडाधिकारी महोबा, अरविन्द कुमार सोनकर क्रीडाधिकार चित्रकूट, डा० मंजूर आलम अन्सारी क्रीडाधिकारी अम्बेडकरनगर, राजेश कुमार गौड़ क्रीडाधिकारी देवरिया, दिलीप कुमार क्रीड़ाधिकारी बस्ती, राजबीर सिंह उपक्रीड़ाधिकारी प्रयागराज, रंजीत कुमार यादव उपक्रीड़ाधिकारी प्रतापगढ़, अजय प्रताप शाहू उपक्रीडाधिकारी कौशाम्बी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता शिव कुमार यादव, प्र० क्षेत्रीय क्रीडाधिकारी प्रयागराज की देख-रेख मे सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। रेस के दोनों वर्गों (पुरूष/महिला) में प्रथम चौदह स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।

 

 

 

 

Must Read