जनपद के 44 ग्राम प्रहरियों को किया गया सम्मानित
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन सभागार में ग्राम प्रहरियों संग की गोष्ठी
एम. अहमद
श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह द्वारा पुलिस लाइन सभागार में थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों की गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्वप्रथम उपस्थित सभी ग्राम प्रभारियों से कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं आदि के बारे में जानकारी ली गई।
तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्र के 44 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करते हुए टिफिन, छाता, टार्च प्रदान किया जिसमें *थाना कोतवाली से 7 ग्राम प्रहरी, थाना सिरसिया से 5, थाना गिलौला से 8, थाना सोनवा से 5, थाना इकौना से 5, थाना श्रावस्ती से 4, थाना गिरण्ट से 5, थाना मल्हीपुर से 5 ग्राम प्रहरी सम्मिलित हुए। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी को बताया गया कि आप लोग पुलिस विभाग के अभिन्न अंग है।
गांव स्तर पर बहुत सारी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। जिनको आप लोग सतर्क रहकर तत्काल संबंधित थाने पर सूचित करें। सभी लोग अपने पास थाना प्रभारी, बीट पुलिस अधिकारी सहित उच्च अधिकारी गणों के मोबाइल नंबर अपनी डायरी व मोबाइल में अवश्य फीड करे, जिससे कोई समस्या हो तो तत्काल फोन कर अपने अधिकारियों को समय से अवगत कराया जा सके। अपने दायित्वों व कर्तव्यों का सही से निर्वहन करते हुए कार्य क्षेत्र में सतर्क नजर रखते हुए अवैध शराब बनाने व क्षेत्र में माहौल खराब करने वाले अराजक तत्वों व चोरी करने वालों पर नजर रखने तथा यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता है तो तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए निर्देशित किया गया।
आपको बता दें, कि ग्राम प्रहरी पुलिस विभाग का अभिन्न अंग है इनके द्वारा क्षेत्र में घटित घटनाओं आदि की जानकारी/सूचना प्रदान की जाती रही है। सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा ग्राम प्रहरियों की सक्रियता को बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा उनसे मुलाकात कर वार्ता की गई तथा अपने कार्यों के प्रति और अधिक सक्रिय रहने के लिए उनका मनोबल बढ़ाया गया।
गोष्ठी के दौरान थाना सोनवा क्षेत्र के ग्राम प्रहरी प्रेम कुमार द्वारा एक शानदार गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसे सुनकर पुलिस अधीक्षक सहित समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा सराहना की गई। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी गण मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











