पुलिस व ग्रामीणों के बीच हुई नोक-झोंक, घण्टों जाम रहा मार्ग
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। पुलिस द्वारा गैंगेस्टर एक्ट के आरोपी तीन युवकों की गिरफ्तारी से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसी दौरान गिरफ्तार एक युवक विजय की माँ के लापता हो जाने से मामला और गरम हो गया। आक्रोशित ग्रामीण पुलिस कार्रवाई का विरोध जताते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोक झोंक और धक्का मुक्की भी हुई। सूचना पाकर कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे एडिशनल एसपी ने बल प्रयोग कर हालात को काबू में किया। जानकारी के मुताबिक दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के मियागंज निवासी विजय, अंकित और दीपचंद पूर्व में चोरी के आरोप में रामसनेहीघाट कोतवाली से जेल गए थे। मसनेही घाट पुलिस ने तीनों पर गैंगस्टर की कार्रवाई शुरू की है। मंगलवार को दरियाबाद कोतवाली पुलिस तीनों युवकों को दरियाबाद थाने ले आई थी और यहां से रामसनेहीघाट पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बुधवार की सुबह पुत्र के पकड़े जाने से परेशान विजय की मां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। चर्चा फैली की पुलिस की कार्रवाई से आहत होकर गांव के बगल नहर में कूद गई हैं। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी घेर ली। सिपाहियों के साथ धक्का मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना था कि युवकों को दोबारा जेल भेजने का क्या औचित्य है। ग्रामीणों ने मियागंज गांव के पास से निकली बदोसराय-दरियाबाद सड़क जाम कर दी। पुलिस वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें दौड़ा लिया। सूचना मिलते ही रामनगर, टिकैतनगर समेत चार-पांच थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एडिशनल एसपी आशुतोष मिश्रा की अगुवाई में पुलिस ने मियागंज गांव से महिलाओं और पुरुषों समेत करीब 15 लोगों को हिरासत में ले लिया। इस सब के बीच करीब तीन घंटा सड़क जाम रही। इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र ने बताया कि अभियुक्त की मां साजिशन गायब हुई थी जिसे तलाश कर परिजनों को सौंप दिया गया है। स्थित सामान्य रूप से नियंत्रण में है। दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















