आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार बैठा धरने पर
उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
टूंडला, फिरोजाबाद। मोहम्मदाबाद में 26 अप्रैल को हुए विनोद उर्फ पप्पू कुशवाहा (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) हत्याकांड ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पीड़ित परिवार का कहना है कि अब तक मुख्य षड्यंत्रकारी आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसी को लेकर परिवार और उनके साथ करीब 20 महिला-पुरुषों ने मिलकर अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत की। धरने के दौरान सभी के हाथों में तख्तियां थीं जिन पर न्याय की मांग और दोषियों की गिरफ्तारी की अपील लिखी हुई थी।
पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें तब तक चैन नहीं मिलेगा, जब तक मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे नहीं पहुंचता। धरने की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर टूंडला की उपजिलाधिकारी अनुराधा सिंह और क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की और निष्पक्ष जांच व जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिवार ने धरना समाप्त कर दिया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हत्याकांड में जिन लोगों का नाम सामने आया है, उनमें से कुछ को अब तक गिरफ्तार किया गया है लेकिन मुख्य षड्यंत्रकारी अभी भी फरार है। उनका आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई धीमी है और राजनीतिक दबाव के चलते मुख्य आरोपी पर हाथ नहीं डाला जा रहा। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी रोष है। कई लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे भी आंदोलन में शामिल होंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है या नहीं। यह मामला न सिर्फ एक जघन्य अपराध का है, बल्कि कानून-व्यवस्था और न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









