डिप्टी एसपी बनकर जिले का गौरव बनी गांव की बेटी
जीपी वर्मा
बाराबंकी। लगातार तीसरी बार पीसीएस की परीक्षा पास कर प्रियंका यादव ने माता पिता के साथ ही जिले का नाम रोशन किया है। डिप्टी एसपी बनी प्रियंका यादव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में एडीजी ला एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने नियुक्ति पत्र देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद मुरादाबाद स्थित डॉ.भीमराव अंबेडकर पुलिस एकेडमी में प्रशिक्षु के रूप में प्रियंका को तैनाती दी गई हैं। डीएसपी के पद पर नियुक्ति मिलने की जानकारी पर प्रियंका यादव के परिवार व क्षेत्रवासी फुले नही समा रहे है। मसौली थाना क्षेत्र के दहेजिया गांव निवासी प्राइवेट स्कूल के संचालक व शिक्षक रामनरेश यादव की बेटी प्रियंका यादव की लगातार तीसरी सफलता पर परिवार व क्षेत्र वासी खुशी से झूम उठे हैं।
प्रियंका के पिता रामनरेश ने गांव में ही अपने निजी खेत में छप्पर डाल कर दो दशक पूर्व नेता सुभाष चंद्र बोस स्कूल की जब शुरआत की थी तो किसी को यह नही पता था कि छप्पर के नीचे पढ़ने वाली गांव की बेटी एक दिन पिता के सपनों को साकार कर पीसीएस अधिकारी बनेगी। जूनियर के बाद हाई स्कूल आइडियल इन्टर कालेज मोहम्मदपुर बाहु सहादतगंज व इंटरमीडिएट युग निर्माण इन्टर कालेज हरख, बीएसी सरदार पटेल डिग्री कालेज बाराबंकी तथा एमए सहयोगी महाविद्यालय खुशहालपुर से करने के बाद प्रियंका पीसीएस की तैयारी में जुट गई।
समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित आदर्श पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र अलीगंज में उपनिदेशक सुनीता यादव के मार्गदर्शन में यह पहले ही प्रयास में पीसीएस परीक्षा पास कर वन क्षेत्रधिकारी बनी। निरन्तर प्रयास में जुटी गांव की बेटी पुनः दूसरी बार पीसीएस परीक्षा पास कर जिला समाज कल्याण अधिकारी बनी लेकिन आगे के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रयासरत वर्ष 2021 की पीसीएस परीक्षा तीसरी बार उतीर्ण कर डिप्टी एसपी बन क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। प्रियंका ने यह साबित कर दिया कि शहरों के बड़े बड़े महंगे स्कूलों के पढ़ने वाले बच्चे ही अधिकारी नही बन सकते बल्कि गांव के छप्पर नुमा स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी अधिकारी बन सकते है।
आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं प्रियंका
पीसीएस की परीक्षा पास कर जिले का नाम रोशन करने वाली प्रियंका यादव ने बताया कि मैं मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हूं। मेरे पिता रामनरेश यादव निजी स्कूल के संचालक एव शिक्षक हैं। मेरी मां रामरती यादव एक ग्रहणी हैं। मेरे दो बड़े भाई हैं और घर की मैं ही सबसे छोटी बेटी हूं। मेरा परिवार पूरी तरह गांव से जुड़ा हुआ है।
जिस माहौल से मैं आती हूं वहां लड़कियों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन मेरे माता-पिता ने मुझे काफी सपोर्ट किया। इसलिए अपनी सफलता का श्रेय मैं उन्हें देना चाहती हूं। चुनौतियों के बीच उन्होंने मुझे आगे बढ़ने का मौका दिया। मुझे अभी भविष्य में काफी कुछ करना है मेरा सपना आईएएस बनने का है। मेरी बचपन से इच्छा थी कि कल तक लोग मुझे मेरे पापा के नाम से जानते थे लेकिन आने वाले समय में मेरे नाम से मेरे पापा को जाना जाये।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











