हवन पूजन के साथ गन्ना पेराई सत्र का हुआ शुभारम्भ
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार एवं स्थानीय विधायक दिनेश रावत ने तहसील हैदरगढ़ स्थित बलरामपुर चीनी मिल में गन्ना पेराई सत्र 2023-24 का शुभारम्भ किया। मिल परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार उपरान्त पूर्ण विधि विधान से हवन पूजन के पश्चात डोगा में गन्ना डाल कर पेराई सत्र का शुभारम्भ किया गया। जिलाधिकारी ने गन्ना पेराई सत्र के शुभारम्भ के उपरान्त बैलगाड़ी लेकर आए हुए किसानों के बैलों को टीका किया तथा माला पहनाकर पूजा अर्चना भी की। उन्होंने किसानों को अंगवस्त्र भेंट किए तथा बाल्टी सहित अन्य उपहार भी दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि गन्ना किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए गन्ने की तौल समय से की जाए। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने तहसील हैदरगढ़ स्थित टिशू कल्चर लैब का अवलोकन किया, जहां पर उन्होंने गन्ने की विभिन्न प्रजातियों की जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात कृषि विज्ञान केन्द्र का भी निरीक्षण किया। वहाॅ पर मीटिंग सभागार में कुर्सियों की संख्या कम होने पर सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया कि इस सम्बन्ध में उन्हें प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाय। उन्होंने धान की प्रजाति, आम की प्रजाति सहित शिमला मिर्च, अरहर, मशरूम, सहित बकरी पालन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाबों में जलकुम्भी हटवाने के लिए सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















