फिरोजाबाद में वायरल हुआ कपल का वीडियो
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। शहर में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाला एक मामला सामने आया है जहां एक युवक और युवती का चलती बाइक पर फिल्मी अंदाज़ में रोमांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा गया कि युवती बाइक की पेट्रोल टंकी पर लेटी हुई थी जबकि युवक बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहा था। मामला थाना लाइनपार क्षेत्र के हाइवे का बताया जा रहा है जो देर रात करीब 11:30 बजे का है।
वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि युवक के सिर पर सिर्फ एक गमछा बंधा था और वह बाइक चलाते समय यातायात नियमों की पूरी तरह अनदेखी कर रहा था। युवती बेधड़क अंदाज़ में पेट्रोल टंकी पर लेटी हुई थी जिससे न केवल उसकी बल्कि अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। कुछ राहगीरों ने जब इस हरकत का विरोध किया और समझाने की कोशिश की तो युवक ने अनसुना कर दिया और कहा, “आपसे कोई मतलब नहीं है।” वहीं, युवती ने मोबाइल से वीडियो बनाए जाने पर आपत्ति जताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शराब के नशे में था। मौके से गुजर रहे कुछ लोगों ने यह वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
——इनसेट——
पुलिस सक्रिय, पहचान कर रही युवक की
मामले पर पुलिस प्रशासन ने संज्ञान लिया है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने जानकारी दी कि वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इस तरह की हरकतें न केवल अवैध हैं बल्कि बेहद खतरनाक भी हैं। युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक विभाग को भी संबंधित धाराओं में चालान व जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”
——इनसेट——
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
यह घटना कई सवाल खड़े करती है कि रात के समय हाईवे पर पुलिस गश्त व्यवस्था कितनी प्रभावी है। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो इस तरह का स्टंट करने की हिम्मत कोई न करता।पुलिस और प्रशासन अब वायरल वीडियो के आधार पर युवक और युवती की तलाश में जुट गया है। वीडियो में इस्तेमाल की गई बाइक स्प्लेंडर बताई जा रही है जिससे पहचान में आसानी हो सकती है।
——इनसेट——
समाज में गलत संदेश
इस प्रकार के सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट और रोमांस न केवल ट्रैफिक सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हैं, बल्कि यह समाज में भी गलत संदेश प्रसारित करते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।