राजकीय अम्बेडकर आवासीय छात्रवास के छात्रों ने की भूख हड़ताल
निदान का भरोसा दिलाकर कराया गया भूख अनशन को समाप्त
निशा
भभुआ (बिहार)। शहर स्थित राजकीय अंबेडकर आवासीय कल्याण छात्रावास के छात्रों द्वारा असुविधा को लेकर 24घंटे तक भूख हड़ताल किया गया।बच्चों द्वारा अनशन पर बैठे होने की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य भभुआ भाग-3 सह बीएसपी नेता विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल उक्त छात्रावास पहुंचे। बच्चों की समस्याओं को जाना समझा और तत्काल निदान कराने का भरोसा दिलाकर अनशन को समाप्त कराया। मौके पर जिप सदस्य ने मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि मैंने पूरी तरह से विद्यालय और छात्रावास का निरीक्षण किया है और बच्चों द्वारा बताए गए समस्याओं को सुना है यहां की स्थिति बहुत ही दयनीय है। जिसका निदान तत्काल किया जाना चाहिए।बच्चों का अनशन पूरी तरह से जायज है। उन्होंने आगे बताया कि कोई भी दुख और समस्या की स्थिति में ही भूख हड़ताल करता है, खुशी में नहीं। वहीं बच्चों ने जिप सदस्य को बताया कि छात्रावास में लाइट की समस्या है बल्ब तक कि व्यवस्था नहीं है।हमलोग गर्मी में बिना पंखे के गुजारा कर रहे हैं जिसे आप देख सकते हैं। हमलोग अंधेरे में डर के साए में गुजारा करते हैं। छात्रावास के बगल में खेत झाड़ी होने से जहरीले जीव जंतुओं का डर प्रतिक्षण सताते रहता है। छात्रावास भवन की स्थिती जर्जर है। जान- माल का खतरा हर क्षण बना रहता है।वहीं बच्चों द्वारा जिप सदस्य को बताया गया कि यहां पर पानी की भी समस्या है।साफ- सफाई की व्यवस्था को आप स्वयं से देख सकते हैं गड्ढों से दुर्गंध की बू आ रही है।छात्रों द्वारा रो- रो कर अपनी कष्ट भरी जिंदगी की आपबीती सुन जिला परिषद सदस्य विकास का कलेजा पसीज गया। भावुक हो उन्होंने रुहांसे और क्रोध भरे स्वर में कहा कि आप लोगों की समस्याओं का जल्द ही निदान किया जाएगा। आगे से आप लोगों को चिंता करने की बात नहीं है आपका भाई आप लोगों के साथ है। मै जल्द ही आपकी समस्या को लेकर कल्याण पदाधिकारी और जिला प्रशासन से बात करूंगा। अब सोचना यह है कि एक तरफ सरकार गरीबों के लिए अनेकों तरह की कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं और दूसरी तरफ उसको सार्थक कर जमीन पर अमली जामा पहनाने वालों का इस तरह का लूट गरीबों को मिलने वाली सुविधाओं से महरूम करा देता है। मामले की जांच कराकर बच्चों की सुविधाओं की हकमारी करने वालों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि कोई किसी के पेट पर लात नही मार सके।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










