मनुष्य को परमात्मा से मिलाने की मजबूत कड़ी है श्रीमद्भागवत कथा: कथा व्यास
पूतना वध और कालिया दहन के प्रसंग को सुन भावविभोर हुए श्रोता
राघवेन्द्र पाण्डेय
अमेठी। टिकरी गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन कथा व्यास ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ ही रास लीला की कथा सुनाई। कथा में श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया।
भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए माँ कालिकन धाम से पधारे कथा व्यास श्री महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का बालरूप अति मनमोहक था। कंस ने श्रीकृष्ण को मारने के लिए जिसको भी भेजा वो एक बार तो उनके मनोहारी रूप का वशीभूत हो गया। अपने बालरूप में ही भगवान ने अनेकों राक्षसों का वध करके संसार में धर्म की स्थापना की।
पूतना वध और कालिया दहन की कथा सुन श्रद्धालु अपनी भावुकता को नहीं रोक पाए। बाल लीलाओं के बाद व्यास ने श्रीकृष्ण की रास लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि जीवात्मा और परमात्मा के मिलन का नाम ही रास है। भगवान की अद्भुत लीलाओं से गोकुल और ब्रज वासी अचंभित थे। व्यास ने कहा कि मनुष्य को परम आनन्द की प्राप्ति ईश्वर के चरणों मे ही मिल सकती है।
भौतिकता को त्याग जब मनुष्य अध्यात्म की ओर बढ़ता है तब उसके जीवन मे शांति मिलने लगती है। श्रीमद्भागवत कथा भी मनुष्य को परमात्मा से मिलाने की एक मजबूत कड़ी है। भगवान से मिलन करके ही हम अपने और अपनी आगामी पीढ़ियों को शांति व सद्भाव का मार्ग दिखा सकते हैं। कथा यजमान उर्मिला सिंह के साथ आयोजक प्रमोद सिंह वैश्य ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
कथा आचार्य योगेश शुक्ल, देवप्रकाश पाठक, राजेश शुक्ल ने पूजा अर्चना की। कथा में अपनी मधुर संगीत से हरिओम, लक्ष्मी नारायण व अजय ने लोगों को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर क्षेत्र के राज करन सिंह, रंजीत तिवारी, रणंजय सिंह, रमा शंकर चौरसियाा तथा राम अचल पाांडेय तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











