यूपी बोर्ड परीक्षा में साई कालेज ने लहराया परचम
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। यूपी बोर्ड परीक्षा में दो साल बाद फिर साई इंटर कालेज के छात्रों ने प्रदेश में तीसरा व चौथा स्थान हासिल कर माता-पिता व गुरुजनों के साथ ही कालेज का नाम रोशन किया है।

दोपहर बाद आने वाले बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर जिले के लोग काफी उत्साहित होकर टाप टेन की सूची में बाराबंकी का नाम रोशन होने का इंतजार कर रहे थे। हाईस्कूल परीक्षा परिणाम ने एक बार लोगों को मायूस जरूर किया लेकिन उन्होंने अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी। शाम 4 बजे इंटर का परिणाम आते ही सभी खुशी से उछल पड़े। 95 प्रतिशत अंक लेकर टाप टेन की सूची में तीसरा स्थान हासिल करने वाले योगेश प्रताप सिंह रामसनेहीघाट क्षेत्र के उदई मऊ गांव निवासी हैं। ग्रामीण क्षेत्र के यह छात्र आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
94 प्रतिशत अंक लेकर चौथी रैंक हासिल करने वाले अभिमन्यु वर्मा किसान रामहेत के बेटे हैं। ग्रामीण परिवेश में पले-बढे़ होने बावजूद इनमें शुरुआत से ही कुछ अलग कर दिखाने का जज्बा रहा है। इनकी माता शकुंतला देवी एक गृहणी है। ज्यादा पढ़े-लिखे न होने के बावजूद इनके माता पिता बेटे को उच्च शिक्षा दिलाकर कुछ बनाना चाहते हैं। प्रतिदिन दो घंटा नियमित रूप से पढ़ाई करने वाले अभिमन्यु डाक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहते हैं। कालेज के छात्र प्रवीन कुमार ने 93.40 प्रतिशत, विशाल गिरी ने 90 प्रतिशत, संस्कार तिवारी ने 88.60 प्रतिशत, अनन्या मिश्रा ने 84.60 प्रतिशत, आर्यन वर्मा ने 84.60 प्रतिशत, कुशाग्र शुक्ला ने 84 प्रतिशत, नवनीत तिवारी ने 83.40 प्रतिशत व दीपांशु यादव ने 83.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले के साई इंटर कालेज का परचम लहरा दिया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















