सदर तहसीलदार न्यायालय को चला रहा सेवानिवृत्त चपरासी
पेशकार का कमाऊ पूत रहे लाला गायब, अब बाबू के कंधों पर अवैध वसूली का जिम्मा
प्रत्येक पटल पर मौजूद तथाकथित कर्मचारियों के मकड़जाल में उलझ रहे फरियादी
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री का कड़ा रवैया भी सदर तहसील में कमाऊ पूतों के आगे बौना साबित हो रहा है। फर्जीवाड़े के कई मामलों के खुलासे के बाद भी तहसीलदार न्यायालय में तथाकथित लोगों का बदरहस्त बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि तहसीलदार के न्यायालय में दशकों पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके एक चपरासी का बोलबाला है। सूत्रों की मानें तो विवादित पत्रावलियों में उसके सहारे ही अवैध वसूली की जा रही है।
पूर्व में पेशकार का कमाऊ पूत रहे लाला को मीडिया की सुर्खियों में आते ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया लेकिन अवैध कमाई का जरिया बने लाला के हटते ही लगभग डेढ़ दशक पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके बाबू ने उसका स्थान ले लिया है। किसी भी कार्य दिवस में तहसीलदार के न्यायालय में बड़ी आसानी से उसे सरकारी पत्रावलियों में काम करते देखा जा सकता है। आये दिन होने वाले फर्जीवाड़े और अवैध वसूली के मामले चर्चा में आते रहते हैं।
बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते फरियादियो का आर्थिक शोषण किया जाता रहता है। तहसील क्षेत्र के कुचरिया निवासी सर्वेश कुमार शर्मा ने तहसील समाधान दिवस में दिए गए शिकायती पत्र में बताया की उसके हिस्से की लगभग 4 बिस्वा पुस्तैनी ज़मीन ही गायब है जिसको लेकर कई बार उसने आवाज़ उठाई लेकिन नतीजा ढाक का तीन पात वाला ही रहा। फिलहाल अनेकोंं मामलों में विवादित रहे तहसीलदार और उनके पेशकार के काले कारनामो की लम्बी फेरहिस्त है। अब देखना है कि इन तथाकथित कर्मचारियों पर कब एसडीएम की कार्यवाही की तलवार लटकेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











