HomeVaranasiपत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

  • पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने की उठी मांग

तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। आल यू.पी. जर्नलिस्ट एसोसिएशन की जनपद इकाई के तत्वावधान में सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उ.प्र. सरकार को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा और हितों को लेकर प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम बनाने और तत्काल लागू करने की मांग की गई है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं लेकिन वर्तमान में प्रदेश भर में पत्रकारों पर हो रहे हमले, धमकियां, झूठे मुकदमे और असुरक्षा की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि जिस प्रकार महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ सरकार ने पत्रकारों पर हमला करने वालों के विरुद्ध गैर जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की पहल की है, उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी कानून बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है।
पत्रकार सुरक्षा अधिनियम बनाकर तत्काल लागू किया जाए। पत्रकार उत्पीड़न पर प्रभावी रोक लगाई जाए। समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों पर किसी प्रकार का दबाव न बनाया जाए और पत्रकार के विरुद्ध झूठी शिकायत पर प्रथम दृष्टया उच्च स्तरीय जांच तथा पत्रकार संगठनों को जानकारी देने के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाए। उ.प्र. के समस्त मान्यता प्राप्त एवं गैर मान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ दुर्घटना होने पर कम से कम 50 लाख रुपये की सहायता और मृतक पत्रकार के परिजन को एक सरकारी नौकरी दी जाय। 60 वर्ष पूरे होने पर पत्रकारों के लिए पेंशन योजना लागू की जाए तथा पत्रकारों के लिए आवास, टोल प्लाजा पर छूट व रेल यात्रा मुफ्त की जाए।
जिलास्तरीय पत्रकार सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन किया जाय जिसमें जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पत्रकार संगठन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाय। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष ओम प्रकाश दोहरे, उपाध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, महामंत्री प्रेमचंद सोनकर, संरक्षक श्रीप्रकाश शुक्ला, सदस्य चमन अली, संरक्षक जितेंद्र पांडेय, संरक्षक शिव कुमार सेठी, इंतजार हुसैन, अखिलेश मिश्रा, अमित दुबे, शैलेन्द्र कुमार, सुनील धुरिया, कुंदन निषाद, विकास तिवारी, मुकेश निषाद, ब्रज किशोर कटियार, अमित वर्मा, अमित द्विवेदी, अभिषेक कश्यप, विकास सोनी, दिनेश कुमार, विजय कुमार, संदीप निषाद, शैलेंद्र कुमार, शशिकांत, वसीम, अकरम, मोहम्मद अकरम अंसारी, अभिषेक सिंह, योगेंद्र कुमार, वीरपाल, शीलू निषाद, विकास पुरवार, अभिषेक वर्मा, शशिकांत, प्रिंस वर्मा, बृजेन्द्र कुमार सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Must Read