ग्रामीणांचलों के मेधावियों को किया गया सम्मानित

गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। इण्डियन स्टूडेंट पॉवर द्वारा विगत कई वर्षों से यूपी बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक अर्जित कर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है। कस्बा जैदपुर में द मॉर्डन एकेडमी व मुंशी राम आसरे स्मारक शिक्षण संस्थान के बच्चों को सम्मानित करने पहुंचे संगठन के संरक्षक पंकज गुप्ता ने प्रदेश स्तर पर मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली दिव्यांशी वर्मा, जिले की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली आरुषि पटेल को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह व मेडल देकर सम्मानित किया। विद्यालय के टॉप 10 विद्यार्थियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
बच्चों को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में ग्रामीण शिक्षा के महत्व पर लगातार जोर दिया जा रहा है, क्योंकि आज समाज में बहुत से सामाजिक मुद्दे शिक्षा की कमी के कारण पैदा हो रहे हैं जिसमें असमानता, धार्मिक भेदभाव, जेंडर जैसी प्रमुख समस्याओं को आम तौर पर देखा जा सकता है। ग्रामीण समाज में अगर शहरों की तरह ही आधुनिक शिक्षा का व्यापक प्रसार हो तो ग्रामीण क्षेत्रों का भी तेजी से विकास हो सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पलायन को भी रोका जा सकता है। आज उचित शिक्षा और संसाधन की कमी के कारण ही ग्रामीण क्षेत्रों से हर दिन लाखों युवा छात्र अपना घर छोड़कर अच्छे जीवन और आधुनिक शिक्षा की तलाश में शहर की ओर जा रहे है। जब तक ग्रामीण शिक्षा का स्तर अच्छा नहीं होगा तब तक उस समाज के लोगों का समग्र विकास संभव नहीं है। ग्रामीण परिवेश के बच्चे भी आज प्रदेश में अपने गांव व विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
इसी क्रम में संगठन अध्यक्ष सिद्धार्थ कनौजिया ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही एक व्यक्ति देश की प्रगति में अपना योगदान दे सकता है। एक शिक्षाविहीन व्यक्ति न ही अपना जीवन सही से व्यतीत कर पाता है और न ही वह अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो पाता है। एक शिक्षित व्यक्ति सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक और धार्मिक ज्ञान को प्राप्त कर न केवल अपना जीवन साकार करता है, बल्कि दूसरे लोगों का भी मार्गदर्शन करता है।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अभिषेक वर्मा, मोनू वर्मा, मुंशी राम आसरे स्मारक शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य विपिन राजपूत, द मॉर्डन एकेडमी के प्रबंधक राजेश वर्मा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














