नम आंखों से मां दुर्गा को दी गयी विदाई, अगले बरस फिर आने की लगायी गुहार
जय महाकाल दुर्गा पूजा समिति के पण्डाल में गूंजे जयकारे, भावुक हुये श्रद्धालु
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर के पुरानी बाजार स्थित जय महाकाल दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में शारदीय नवरात्र के समापन पर मां दुर्गा की विदाई का दृश्य भावुक कर देने वाला रहा। जगन्नाथ पुरी धाम की थीम पर सजे भव्य पंडाल में दर्शन-पूजन के दौरान उमड़ी श्रद्धा अब मां को विदा करते समय आंखों की नमी बनकर छलक उठी।
मां के जयकारों, भक्ति गीतों और अगले बरस फिर आने की प्रार्थनाओं के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता रानी को विदाई दी। किसी ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना किया तो किसी ने मां के चरणों में अपने दुख-दर्द रखकर खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। पूरे वातावरण में भक्ति, आस्था और विरह का अनूठा संगम दिखाई दिया।
अगले बरस फिर आना मां, भक्तों के हृदय में बसी रही आस्था
समिति के नौवें मंडल में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा और जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर तैयार पंडाल नवरात्र भर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। विदाई पर भक्तों ने मां के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रार्थना की— “या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥” मां दुर्गा की महिमा का स्मरण करते हुए श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर आगमन की कामना किया। समिति के अध्यक्ष अजितेश गुप्ता सहित सदस्यों ने धार्मिक आयोजन में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं और नगरवासियों के प्रति आभार जताया।
मां की विदाई के साथ पंडाल में उत्सव का समापन हुआ लेकिन भक्तों के मन में मां के प्रति विश्वास और अगले नवरात्र की प्रतीक्षा बनी रही। मान्यता और श्रद्धा के भाव के साथ सभी ने यही प्रार्थना किया— मां सबके घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनाये रखें।

















