महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों, टिकट काउण्टरों का किया जन—संवाद

  • महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों, टिकट काउण्टरों का किया जन—संवाद

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। भारतीय रेल पर 2 से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता हेतु चलाये जा रहे ‘विशेष अभियान 6.0‘ के अन्तर्गत पूर्वो त्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर एवं तीनों मंडलों पर विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या-1 एवं 2 पर प्रतीक्षालयों, अनारक्षित टिकट प्रणाली (यू.टी.एस.) टिकट काउंटरों तथा गाड़ी संख्या 19037 बान्द्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस में यात्री संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये रेल यात्रियों से ‘जन संवाद‘ किया जिसमें रेल यात्रियों से स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं के बारे में उनके विचार एवं सुझाव आमंत्रित किये।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य यांत्रिक प्रबन्धक रवीश कुमार, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) सत्य प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। महाप्रबन्धक श्री बोरवणकर ने कहा कि भारतीय रेल पर व्यापक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के परिप्रेक्ष्य में आज रेल यात्रियों से संवाद कर उनके बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किये जा रहे हैं जिससे पूर्वो त्तर रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध करा सके। पूर्वोत्तर रेलवे पर स्टेशनों, रेल परिसरों, ट्रेनों, आवासीय काॅलोनियों, कार्यालयों आदि में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन आज युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिला एवं पुरुष यात्रियों से सीधे संवाद कर उनसे यात्रा अनुभव के फीडबैक प्राप्त कर रहा है। इस रेलवे पर सफाई मित्रों एवं रेल कर्मचारियों ने सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने हेतु बहुत मेहनत की है। इनके द्वारा रेलवे ट्रैक एवं ट्रेनों में निरंतर गहन सफाई की जा रही है। यात्रियों को भी स्वच्छता हेतु जागरूक होना चाहिये, क्योंकि स्वच्छता हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है और हमको मिलकर ‘स्वच्छ भारत‘ की संकल्पना को पूरा करना है। रेल यात्रियों से अपील किा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें एवं पान-गुटखा खाकर ट्रेन एवं रेल परिसर में न थूकें तथा रेलवे को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।
महाप्रबन्धक ने प्लेटफाॅर्म संख्या-9 पर पार्किंग व्यवस्था तथा पे एंड यूज शौचालय में साफ-सफाई को देखा। इसी क्रम में मुख्यालय गोरखपुर एवं तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने 22 अक्टूबर को पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर रेल यात्रियों से ‘जन संवाद‘ कार्यक्रम के अन्तर्गत स्टेशनों, रेल परिसरों, ट्रेनों आदि में साफ-सफाई पर फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किये। यात्रियों ने ‘जन संवाद‘ के दौरान रेल प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे स्वच्छता अभियान की प्रशंसा करते हुये कहा कि ट्रेनों एवं स्टेशनों पर स्वच्छता काफी उच्च कोटि की है। विदित है कि रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के उद्देश्य से रेलवे परिसरों, कार्यालयों, स्टेशनों सहित अन्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सम्बन्धी विभिन्न कार्यक्रम किये जा रहे हैं। पूर्वो त्तर रेलवे के तीनों मंडलों के स्टेशनों पर रेल यात्रियों एवं आमजन से ‘जन संवाद‘ कर स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण एवं स्वच्छ रेलवे परिसर के महत्व पर निरन्तर चर्चा की जा रही है। यात्रियों से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त कर सफाई व्यवस्था में सुधार तथा जन भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।