विभाग ने नहीं कराया उपचार तो कर्मचारियों ने कार्यालय में ही शुरू किया धरना प्रदर्शन
रविन्द्र कुमार
फिरोजाबाद। जनपद में 16 दिन पहले लाइन पर काम करते समय गिरकर घायल हुए संविदा विद्युत कर्मचारी का इलाज विभाग द्वारा न कराए जाने से नाराज कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों से कर्मचारी का अच्छे अस्पताल में इलाज कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसारनारायन सिंह नामक संविदा विद्युत कर्मचारी रसूलपुर बिजलीघर पर तैनात है। 28 मई को लाइन पर काम करते समय वह गिरकर घायल हो गया था, उसका एक पैर टूट गया था जबकि हाथ में भी काफी चोट है। संविदा कर्मचारी ने प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया तो वहां डाक्टरों ने उसका एक पैर काटने के लिए कह दिया। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह ठीक से अपना इलाज नहीं करा पा रहा है। मंगलवार को कर्मचारी एकत्रित होकर लेबर कसलोनी वाले बिजली घर पर पहुंच गए और वहां धरना प्रदर्शन शुरू करने के साथ ही अधिकारियों पर अनदेखी के आरोप लगाए। दक्षिणांचल यूनियन के महामंत्री सोनू भारद्वाज ने कहा कि कर्मचारी काम करते समय घायल हुआ है। उसे प्रतिमाह साढ़े 8 हजार रुपए मिलते हैं। ऐसे में वह अपना इलाज कहां से कराएगा, इसलिए सभी कर्मचारियों की मांग की है कि घायल कर्मचारी का अच्छे अस्पताल में इलाज कराया जाए, जिससे उसका पैर न काटना पड़े और वह ठीक हो जाए। ऐसा नहीं हुआ तो वह यहीं धरने पर बैठे रहेंगे। पीड़ित कर्मचारी का कहना है कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वह विभाग का काम कर रहा था, उसी समय यह हादसा हुआ। अब उसका इलाज विभाग द्वारा अच्छे अस्पताल में कराया जाय।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












