अवैध अतिक्रमण की शिकायत मिली तो लेखपाल व राजस्व निरीक्षक पर होगी कार्यवाही: डीएम
एम अहमद
श्रावस्ती। जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने शीतकालीन भ्रमण के तहत तहसील जमुनहा विकास खण्ड जमुनहा के अर्न्तगत शुक्रवार को सायंकाल ग्राम पंचायत फतुहापुर (लक्ष्मननगर) के प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर विकास कार्यो का सत्यापन किया तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से कहा कि अशिक्षा देश के विकास में बाधा रही है। शत-प्रतिशत लोगों को शिक्षित किए बिना संपूर्ण विकास की परिकल्पना नहीं की जा सकती। भारत वर्ष में श्रावस्ती जिले का शिक्षा दर न्यूनतम स्तर पर है जो बहुत ही चिन्ता का विषय है, इसलिए अब आत्म चिंतन कर हर बच्चे को शिक्षित कर शिक्षा के गिरे ग्राफ को ऊपर उठाने की जिम्मेदारी है, ताकि वे भी अपने पैरों में खड़े हो सके और अपना जीवन यापन कर सकें, अब हर व्यक्ति को प्रतिज्ञाबद्ध होकर बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की चुनौती लेनी होगी।
जिलाधिकारी ने अविभावकों से भी अपील किया कि वे अपने बच्चों को विद्यालय में अध्ययन के लिए भेजें और अपने आस-पास भी ध्यान रखें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पावे तथा गॉव में अध्यापन कार्य करने व अपने गुरूजनों को भी सम्मान करें। बच्चों को उनके अभिरूचि को जागृत करे उसको कभी भी नजर अंदाज न करें। चौपाल के उपरान्त जिलाधिकारी ने पूरे ग्राम पंचायत का भ्रमण कर जायजा लिया और लेखपाल तथा राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिया कि सार्वजनिक, भूमि, चकमार्गों एवं चारागाहों पर अवैध अतिक्रमण किसी भी दशा में न होने पावे, यह सुनिश्चित रखा जाय। यदि अवैध अतिक्रमण की शिकायत मिली तो लेखपाल और राजस्व निरीक्षक पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जमुनहा अहमद फरीद खान, तहसीलदार जमुनहा विपुल सिंह, राजस्व निरीक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम पंचायत स्तरीय कर्मचारीगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














