बाबा नीम करौली मेले में श्री खाटू श्याम महाराज के भव्य जागरण का हुआ आयोजन
आशीष पचौरी
टूंडला, फिरोजाबाद। स्थानीय नगर में बाबा नीम करोली मेले के आयोजक रामपाल सिंह और श्री खाटू श्याम प्रेमी परिवार के अध्यक्ष रघु धाकरे ने सोमवार को श्री खाटू श्याम महाराज के भव्य जागरण का आयोजन किया। बीती शाम को ठाकुर बीरी सिंह डिग्री कॉलेज प्रांगण में चल रहे बाबा नीम करौली महाराज के मेले में बाबा नीम करौली कमेटी व श्री श्याम प्रेमी परिवार द्वारा श्री खाटू श्याम के जागरण का आयोजन किया गया था। श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का जागरण श्रद्धा व आनंद के साथ मनाया गया।
ठाकुर सिंह डिग्री कॉलेज के मैदान में झिलमिलाती रंगीन रोशनी से सजे बाबा के दरबार में हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाकर बाबा के दर्शन किए। जागरण का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष भंवर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में श्री श्याम प्रेमी परिवार कमेटी के अध्यक्ष रघुधाकरे ने आगरा और दिल्ली के गायक कलाकारों ने श्री खाटू श्याम के भजनों को श्रद्धालुओं के सामने पेश किया। श्याम बाबा की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करने के बाद उन्हें माखन मिश्री सहित छप्पन भोग चूरमे की सवामणी लगाकर प्रसाद में वितरित किया गया।
पंडाल में मंगाए गुलाब के फूलों की मनमोहक वर्षा की गई। श्री खाटू श्याम जी के गोल्डन फूलों के बंगले में रात भर श्रद्धालुओं का मेला लगा, बाबा की महिमा में डूबे भजन-संकीर्तन में सुध-बुध खोए श्याम भक्त देर रात तक नाचते रहे, वहीं मंच से हो रही पुष्पवर्षा के कारण बड़ा ही मनोहारी वातावरण बन गया। चारों ओर खाटू श्याम व राधा-कृष्ण की जय-जयकार होती रही।
राज आनंद के भजनों में इतना रस घुला था कि यूं प्रतीत हुआ मानो प्रेम के वशीभूत बाबा श्याम भी मोहित होकर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे हों। जागरण में आए बंशी वर्मा एवं शालू दीवाना के भजन-भेंटों से बाबा श्याम का गुणगान कर श्रद्धालुओं को नाचने पर विवश कर दिया। आज बिरज में होली है। रसिया भजन पर श्रद्धालु बाबा की आलौकिक छवि में मंत्र—मुग्ध हो गए। जागरण में श्रद्धालुओं की ओर से खाने-पीने की व्यवस्थाएं भी की गई थी। इस अवसर पर मिथुन चक, राहुल सोनी, अजय कुमार, विनोद, विष्णु, रवि सहित तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












