डाक्टर नदारद, वार्ड ब्वाय चला रहा अस्पताल
पीएचसी से निराश होकर लौट रहे मरीज
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। चिकित्सा व स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं आमजन के लिए हवा हवाई साबित हो रही हैं। स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की नीयत से लाखों खर्च कर कस्बा रसौली में खोला गया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। इस केंद्र पर चिकित्सा अधिकारी डॉ नीलम चौधरी के साथ ही फार्मेसिस्ट, एलए, एचएस, एएनएम, एलटी, सीएचओ सहित वार्ड ब्वाय की तैनाती बताई जा रही है। विभागीय भ्रष्टाचार के चलते यहां पर नियुक्त डाक्टर को सारी सुविधाएं घर बैठे ही प्राप्त हो जाती हैं। इनके द्वारा ऑनलाइन अपने दायित्वों का निर्वहन किया जाता है। इस केंद्र पर नियुक्त कर्मचारियों को अस्पताल आने में अपनी तौहीन नजर आती है। अस्पताल परिसर में बने आवास में रहने वाले वार्ड ब्वाय को ही अधिकांश लोग डाक्टर समझते हैं। डाक्टर कक्ष में बंद ताले अपने खुलने की उम्मीद काफी पहले छोड़ चुके हैं। निरंकुश नौकरशाहों पर नियंत्रण पाने में जिला प्रशासन भी नाकाम साबित हो रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रसौली पर डाक्टर का अभाव होने के कारण ज्यादातर मरीजों का इलाज झोला छाप डॉक्टर कर रहे हैं। विकास खंड मसौली के बड़ागांव में स्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 5 पीएचसी के साथ ही कई उप स्वास्थ्य केंद्रों की निगरानी का बीड़ा उठाये हुए है। टीकाकरण, कुपोषण से मुक्ति व प्रसव जैसी सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए बनाया गया यह केंद्र खुद कुपोषित होकर रह गया है। शनिवार को साढ़े 11 बजे अस्पताल का हाल जानने पहुंची मीडिया टीम को चिकित्सा अधिकारी डॉ नीलम चौधरी का दर्शन नहीं हो सका। इनके कक्ष में बंद ताला यहां आने वाले मरीजों को मुंह चिढ़ा रहा था। नीम हकीमों से बचने के लिए अपना इलाज कराने अस्पताल आने वाले मरीजों को बड़ी निराशा के साथ बैरंग वापस लौटते हुए देखा गया। सांत्वना पुरस्कार की भांति वार्ड ब्वाय और सीएचओ मरीजों को अपनी योग्यता अनुसार दवा देकर विदा कर रहे थे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी उठाने वाले सीएचसी अधीक्षक डा संजीव कुमार भी व्यवस्था के सामने बेबस नजर आए। रसौली अस्पताल से डाक्टर गायब होने के सम्बंध में उन्होंने बताया कि फार्मेसिस्ट अनिल शुक्ला द्वारा 28 नवम्बर से छुट्टी के लिए दिया गया प्रार्थना पत्र 15 दिन पहले स्वीकृत किया गया था। इसी बीच डॉ नीलम चौधरी ने अपना मेडिकल मेरे व्हाट्सएप पर भेज दिया। यहां पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दादरा के डाक्टर विवेक को जाने के लिए कहा गया था परंतु पेपर जमा करने सीएमओ आफिस चले गए हैं।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














