निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का डीएम ने किया शुभारम्भ
कलेक्टर परिसर से जनजागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
राघवेन्द्र पाण्डेय
अमेठी। आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के दृष्टिगत मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक चलने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट राकेश मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर से विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा निकाली गईजन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का स्वच्छ एवं त्रुटिरहित होना नितांत आवश्यक है। मतदाता सूची त्रुटिरहित होगी तो निर्वाचन के दौरान बूथों पर कोई समस्या नहीं आएगी। मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा आज 27 अक्टूबर से विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में उपस्थित रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा 4, 5, 25 व 26 नवंबर तथा 2 व 3 दिसम्बर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की हैं। इन तिथियां में बीएलओ अपने संबंधित मतदेय स्थल पर मतदाता सूची एवं पर्याप्त फार्मो के साथ उपस्थित रहकर पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। आयोग की मंशा है कि कोई भी मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से न छूटने पाये। समस्त अर्ह मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल किया जाए। 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे सभी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। 18-19 वर्ष की आयु के युवा मतदाताओं के फॉर्म अधिक से अधिक संख्या में भरवाएं जाएं, प्रत्येक मतदेय स्थल पर जेंडर रेशियो बढ़ाने हेतु महिलाओं के अधिक से अधिक फार्म भरवाएं जाएं।
मतदाताओं से फार्म पर उनके मोबाइल नंबर व आधार की सूचना अवश्य भरवाए एवं उन्हें ई-इपिक डाउनलोड करने की जानकारी भी दें। मतदाताओं को ऑनलाइन फॉर्म भरने की जानकारी दें एवं अधिक से अधिक ऑनलाइन फॉर्म भरवाएं। जिलाधिकारी ने बताया कि फॉर्म 6 नए पंजीकरण हेतु तथा फॉर्म 8 मतदाताओं द्वारा निवास स्थान परिवर्तन/निर्वाचक नामावली में संशोधन/मतदाता फोटो पहचान पत्र का प्रतिस्थापन तथा दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हीकरण हेतु, फार्म 7 नाम कटवाने के लिए मृतक अथवा स्थाई रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का भरवारा जाए तथा इसका व्यापक प्रचार प्रसार भी सुनिश्चित करें। शिक्षण संस्थानों में विशेष कैंप लगाया जाए और छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पोर्टल आदि के माध्यम से मतदाता के रूप में पंजीकरण की जानकारी दी जाए। इस दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी प्रवीणा शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, उपजिलाधिकारी गौरीगंज अभिनव कनौजिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।


















