स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिये सख्त निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में हुई जहां उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति जानने के लिए नियमित रूप से फील्ड विजिट करें और आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों के माध्यम से योजनाओं की समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे, इसके लिए जरूरी है कि स्थानीय स्तर पर काम में गंभीरता बरती जाय जिससे मरीजों को अन्यत्र इलाज के लिए न जाना पड़े। पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अधिक से अधिक कुपोषित बच्चों को भर्ती कराया जाए। जानकारी दी गई कि जनपद में केवल एक एनआरसी शिकोहाबाद में संचालित है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह छोटे बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जुलाई माह तक 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बन जाने चाहिए। इस संबंध में सभी ब्लॉकों की स्थिति काफी खराब है। निर्देश दिए कि अपर जिलाधिकारी से 70 प्लस आयु वर्ग के लोगों की सूची प्राप्त कर सभी पात्र व्यक्तियों के कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जो आशा कार्यकर्ता अपने कार्यों में शिथिलता बरत रही हैं, उन्हें नोटिस जारी कर सेवा से हटाने की कार्रवाई की जाय।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत प्री-ऑथ की प्रगति खराब पाए जाने पर धनपुरा, अरांव, दीदामई और जसराना ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं योजना की निर्धारित धनराशि का उपयोग न करने पर जिला संयुक्त चिकित्सालय के अधीक्षक और जिला महिला चिकित्सालय अधीक्षक को चेतावनी देने के निर्देश भी दिये। इसके बाद नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) कार्यक्रम की समीक्षा की गई। यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। यूनिसेफ की टीम ने जिले के 25 स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया और कई बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता जताई।
टीम ने यह भी बताया कि वीएचएनडी कार्यक्रम में सुधार हो रहा है। हालांकि वैक्सीनेशन के मामले में कुछ ब्लॉक अभी भी पीछे हैं।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वैक्सीनेशन कार्य में और तेजी लाई जाए और सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी लगातार समुदाय के संपर्क में बने रहें। अंत में जिलाधिकारी ने उन दस सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को सम्मानित करने की घोषणा की जो बेहतर कार्य कर रहे हैं। वहीं लगातार लापरवाही बरतने वाले दस अधिकारियों को सेवा से हटाने की बात भी कही गई।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















