मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीएम व एसपी ने की बैठक
963213
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीएम व एसपी ने की बैठक
राघवेन्द्र पाण्डेय
अमेठी। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के 13 अक्टूबर को जनपद भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राकेश मिश्र व पुलिस अधीक्षक डॉ. इलमारन ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों एवं सांसद प्रतिनिधि विजय गुप्ता व जिलाध्यक्ष भाजपा राम प्रसाद मिश्र के साथ बैठक किया। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अक्टूबर को अपराह्न लगभग 12 बजे रामगंज कौहार मैदान में मुख्यमंत्री सहित मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आगमन होगा एवं भारी संख्या में जन सामान्य व खिलाड़ी एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी कार्यक्रम स्थल पर आएंगे जिसको लेकर समस्त तैयारियां पूर्व में ही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन व्यवस्था हेतु एआरटीओ, पीने के पानी एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था हेतु अधिशासी अधिकारियों, साफ सफाई की व्यवस्था हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों, खान-पान की व्यवस्था हेतु जिलापूर्ति अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी, चिकित्सीय व्यवस्था हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस विभाग को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैरीकेडिंग, हेलीपैड, सेफ हाउस, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का समापन एवं विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया जाएगा। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, उपजिलाधिकारी गौरीगंज अभिनव कनौजिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी गौरीगंज मयंक द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।