बीएसए ने 3 शिक्षकों को किया निलम्बित
दीप सिंह
कन्नौज। जनपद के प्राथमिक विद्यालय के टीचरों द्वारा छात्रों के आधार सत्यापन कार्य में रुचि नहीं ली जा रही है। इस कारण बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए उनके अभिभावकों के खाते में पैसा ट्रांसफर नहीं हो पा रहा है। बीएसए ने कार्यवाही करते हुए लापरवाही बरतने वाले 3 टीचरों को निलंबित किया है। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के यूनिफॉर्म, स्वेटर, स्कूल बैग, जूता, मोजा और स्टेशनरी के लिए उनके अभिभावकों के बैंक खाते में पैसा भेजा जाना है।
ऐसे में बच्चों के आधार कार्ड सत्यापन का काम पूरा कराया जाना था लेकिन कुछ शिक्षकों ने छात्रों के आधार सत्यापन में दिलचस्पी नहीं दिखायी। इस कारण छात्रों के अभिभावकों के खाते में पैसा नहीं भेजा जा सका। इस मामले को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह ने हसेरन ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय टिहुला के प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार, प्राथमिक विद्यालय ब्रह्ममनपुरवा के इंचार्ज प्रधानाध्यापक मदन सिंह और प्राथमिक विद्यालय सरसई के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार को निलंबित कर दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय टिहुला में 40 छात्र पंजीकृत हैं।
यहां एक भी छात्र के आधार कार्ड सत्यापन का काम नहीं किया गया। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय ब्राह्मणपुरवा में 73 छात्र पंजीकृत हैं और यहाँ 68 छात्रों के आधार का सत्यापन कार्य बकाया है। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय सरसई में 135 छात्र पंजीकृत हैं और यहां 120 छात्रों का आधार सत्यापन का काम बाकी है। छात्रों के आधार सत्यापन में रुचि न लेने के कारण 3 शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













