गति एवं जाति के हिसाब से दौड़ रही भोले बाबा की डाक कावड़ यात्रा
राजेश द्विवेदी
शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। सावन के द्वितीय सोमवार की पूर्व संध्या पर नगर के एटा चौराहे से हजारों की संख्या में डाक कांवड़ियों का राष्ट्रीयता से ओत—प्रोत उत्साह उमंग और तरंग देखकर पुलिस प्रशासन आज दिन भर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था में जुटा रहा। मजे की बात यह रही कि इस बार प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का समर्थन में कहें या देवाधिदेव महादेव भोले बाबा के प्रति अटूट अनन्य भक्ति। भोले के प्रति बढ़ता उत्साह आज राष्ट्रीयता के साथ दिखाई दिया।
आज डाक कावड़ पर सवार युवा वर्ग जो लोडर, कैंटर गाड़ी, छोटा हाथी मैक्स पिकअप गाड़ियों में बड़े-बड़े ध्वनि विस्तारक एवं डेग स्पीकर यंत्र लगाकर भोले बाबा के गीत एवं राष्ट्रीय गीत एवं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज के साथ शिकोहाबाद नगर से सोरों जिला कासगंज के लिए गुजरे जहां से वे पवित्र गंगा जल भर के आज रात को वहां से निकलेंगे। सोमवार की सुबह भोले बाबा के मंदिरों में जाकर अपनी मनौती मांगेंगे।
इस दौरान एक डाक कावड़ यात्रा गति एवं जातियों के आधार पर थी जिसमें सर्वाधिक डाक कावड़ यात्रा ऊपर के वाहनों के बैनर पर सुपर फास्ट डाक कावड़ यात्रा लिखी थी तो कई पर वंदे भारत, राजधानी, शताब्दी, सुपर फास्ट, एक्सप्रेस तूफानी, कावड़ यात्रा आदि शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।
एक कांवड़ यात्रा पर अग्निवीर कांवड़ यात्रा लिखी हुई थी। वहीं जातियों के नाम पर ब्राह्मण, क्षत्रिय, राजपूत, वैश्य, पाल बघेल, यादव के साथ अन्य जातियों एवं गिहार समाज की भी एक डाक कावड़ यात्रा जाती हुई दिखाई दी। कई गांव के डाक कावड़ यात्रियों ने अपने गांव का नाम भी उल्लेख किया था। यानी गति एवं जातियों एवं गांव के नाम पर जा रही कावड़ यात्रा के बैनर को पढ़कर सभी लोग अलग अलग कमेंट कर रहे थे।
उल्लेखनीय बात यह है कि इस डाक कावड़ यात्रा के लिए प्रत्येक गांव से बेरोजगार युवाओं ने चंदा एकत्रित करके एक लोडर गाड़ी डीजल एवं पेट्रोल का इंतजाम किया। वहीं ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डैग लगवाई और एक गाड़ी पर 25 से 30 युवा सवार होकर गंगा जल भरने के लिये गये। इनके सहयोग के लिए बाइकों पर सवार होकर भी बेरोजगार युवा गए जो डाक कावड़ के लिए गंगाजल को लेकर निर्धारित दूरी तक दौड़कर यानी कछला घाट, सोरों, कासगंज, एटा से होते हुए शिकोहाबाद, बटेश्वर सहित अन्य मनौती मानने वाले शिव मंदिरों पर पहुंचेंगे।
यह युवा डेढ़ सौ किलोमीटर की दूरी को 8 घंटे से 10 घंटे में दौड़ कर तय करते हैं जिसके बाद सोमवार के दिन भोले बाबा के ऊपर गंगाजल का जलाभिषेक अपनी मनौती मानते हैं। अधिकांश युवा इस बेरोजगारी के दौर में इस बार रोजगार प्राप्त करने के लिए भगवान भोले बाबा का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए पसीना बहा रहे हैं। अब देखना है कि भोले बाबा के लिए पसीना बहाने वाले युवाओं को नौकरी कब तक मिलती है?
डाक कावड़ यात्रा में तेजी से भागने वाले युवाओं के साथ हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए आज जिला पुलिस प्रशासन काफी सचेत रहा एवं चौकसी से काम करते हुए यातायात व्यवस्था पर कड़ी निगरानी की जिससे किसी कांवड़ धारी के साथ कोई दुर्घटना ना हो सके लेकिन अति उत्साह एवं लापरवाही में बेरोजगार युवा जब किसी दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं तो परिवारी जनों के साथ-साथ समाज के लोगों को भी कष्ट होता है। ज्ञात हो कि पिछले 5 वर्षों से डाक कावड़ यात्रा में युवाओं के दौड़ते हुए जाने से पुलिस प्रशासन को काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले शिकोहाबाद नगर से हजारों की संख्या में कांवड़ यात्री अपने कंधों पर कांवड़ रखकर भोले तेरी बम की आवाज लगाते हुए निकल जाते थे लेकिन पुलिस प्रशासन को कोई पसीना नहीं बहाना पड़ता था लेकिन अब कांवड़ यात्रा में हो रही दुर्घटनाओं में डाक कावड़ अब सवालों के निशान पर है, क्योंकि डाक कावड़ में दौड़ने के दौरान एवं वाहनों पर भारी संख्या में बैठकर जाने से कई दुर्घटनाएं हो रही हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













