कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को दी गयी प्रतिकूल प्रविष्टि
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के सफल संचालन हेतु जनपद स्तरीय समन्वय समिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, नगर विकास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग की विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि माइक्रो प्लान के अनुसार जिन ग्राम पंचायतों में साफ सफाई होनी है, वहां के एडीओ पंचायत सम्बंधित प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी को एक दिन पहले ही अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दे दे। माइक्रो प्लान को सभी विभाग फाॅलो करें और अभियान को गंभीरता के साथ सम्पन्न कराये। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के समस्त नोडल अधिकारी पूर्व की भाँति अपने सम्बन्धित क्षेत्र में कार्य का मूल्यांकन करेंगे। नगरीय निकायों व ग्रामीण क्षेत्र में संचारी रोग की रोकथाम तथा साफ सफाई शुद्ध पेयजल, जल निकासी, जलाशयों एवं नालियों की नियमित सफाई व्यक्तिगत स्वच्छता खुली नालियों के ढकने की व्यवस्था, जल भराव, सड़कों के किनारे उगी वनस्पतियों को हटवाने, खुले में शौच आदि पर संवेदीकरण किये जायें।
उन्होंने अभियान से सम्बन्धित कार्यो में कम प्रगति पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीओ पंचायत सिरौलीगौसपुर तथा बनीकोडर को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग विगत वर्ष की भांति निर्धारित प्रारूप पर रिपोर्टिंग प्रेषित करेंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रतिनिधि यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, समस्त एमओआईसी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













