विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ी गेहूं की फसल
गोविन्द वर्मा
निंदूरा, बाराबंकी। विभागीय लापरवाही से लटक रहे विद्युत तारों की टकराहट किसानों पर भारी पड़ रही है। जर्जर और ढीले तारों से निकलने वाली चिगारी पल भर में किसानों के अरमानों पर पानी फेर दे रही है परंतु बिजली विभाग द्वारा इस समस्या का समाधान निकालने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।

कुर्सी क्षेत्र के मदारपुर निवासी रामू शर्मा के खेत के ऊपर से 11000 वोल्ट का विद्युत तार गुजरा हुआ है। दोपहर में तेज हवा के कारण विद्युत तार आपस में टकराने लगे और उससे निकली चिगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। आबादी के समीप आग लगते ही अफरातफरी मच गई। जो जहां था, वहीं से आग बुझाने के लिए दौड़ पड़ा। घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित रामू शर्मा ने बताया कि कई बार जर्जर तार को ठीक करने के लिए अधिकारियों से कहा गया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














