फिरोजाबाद के दो कृषक राज्यस्तरीय प्रदर्शनी लखनऊ में करेंगे प्रतिभाग: अश्वनी
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश सरकार के तत्वाधान में राज्यस्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन 10 अक्टूबर दिन मंगलवार को प्रातः 9 बजे से अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर लखनऊ में किया जा रहा है। जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक अश्वनी जैन ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के संयुक्त निदेशक राधे लाल के निर्देशानुसार असंगठित क्षेत्र के नवप्रवर्तकों की जनपद स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर इस कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास फिरोजाबाद के निर्देशन में दाऊदयाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, फिरोजाबाद में सम्पन्न हुआ था जिसमें जनपद के जैविक फलों की खेती करने वाले देवी दयाल ने प्रथम स्थान एवं जैविक सब्जियों की खेती करने वाले राकेश कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। जनपद के बाद उन्हें राज्य स्तर पर जिला समन्वयक के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। राज्य स्तर पर विजयी प्रतिभागियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा पुरस्कार स्वरूप प्रथम स्थान को 10000 रुपये, द्वितीय स्थान को 8000 रुपये एवं तृतीय स्थान को 5000 रुपये की धनराशि के साथ तीन सांत्वना पुरस्कार को 3000 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।














