पर्यटन मंत्री ने की जनपद के विकास कार्याें व जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने अपने निर्धारित जनपद भ्रमण कार्यक्रमानुसार शुक्रवार को कलैक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर एवं बुकें भेट कर जोरदार स्वागत किया गया। तत्पश्चात् मंत्री ने कलैक्ट्रेट सभागार में सभी जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद में चल रहे विकास कार्य व जनकल्याणकारी योजनाओं की एक एक कर गहनता से समीक्षा की और सम्बन्धित अधिकारियों को जनपद के चहुंमुखी विकास के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक के दौरान मंत्री जी ने जनपद के पर्यटन के कार्यों की समीक्षा करते हुए पर्यटन अधिकारी आगरा को निर्देश दिया कि वह दो दिन में आर्किटेक्ट को बुलाकर ग्लास म्युजियम, ऑडिटोरियम हाॅल व जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद कार्यालय के निर्माण के लिए सिविल लाइन में उपलब्ध भूमि का निरीक्षण कराकर जल्द कार्य प्रारम्भ कराए। इसी के साथ उन्होंने जनपद में पर्यटन विभाग द्वारा एतिहासिक स्थलों व मन्दिरों पर पर्यटन के विकास के लिए कराए जा रहे कार्याें में तेजी लाए जाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद के रपडी क्षेत्र से बटेश्वर यमुना घाट व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जन्मस्थली आदि क्षेत्र को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है जिसके लिए उन्होने 100 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है जिससे पर्यटन व वन विभाग ईको टूरिज्म को विकसित करेगा। उन्होंने कहा कि यमुना में नौकाएं व क्रुज चलाए जाएगें जहां जनपद व क्षेत्रवासी एवं पर्यटक इन सबका आनन्द महसूस करेंगे। इस अवसर पर टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर, महापौर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, ब्लाॅक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, हाथवन्त सुरेश, जिलाधिकारी डा0 उज्ज्वल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, अपर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










