अपराधी की जान बचाने के लिये पुलिस ने की खून की व्यवस्था
पुलिस ने पेश किया मानवता की मिशाल, हो रही प्रशंसा
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। पहले गोली मारकर पुलिस की जिम्मेदारी का निर्वहन किया फिर जब वह मरने लगा तो पुलिसकर्मी ने खून देकर उसकी प्राण की रक्षा की है। इस मामले में जिले की पुलिस के दो ऐसे चरित्र देखने को मिले है, जो सभी के लिए अनुकरणीय हैं। बीते तीन अप्रैल की प्रातः चेन स्नेचर गिरोह के साथ मुठभेड़ में शहर कोतवाली और एसओजी और ऊंचाहार पुलिस ने एक बदमाश को पैर में गोली मार गिराया था।

फतेहपुर जनपद का रहने वाला बदमाश मो. एजाज गंभीर अवस्था में घायल हो गया था। उसे पहले जिला अस्पताल बाद में लखनऊ मेडिकल कालेज ले जाया गया था। मेडिकल कालेज में चिकित्सकों ने बताया की चार यूनिट खून की तत्काल जरूरत है। उसके बाद शहर कोतवाली के दरोगा वागीश मिश्र अपने मित्र संजय सिंह और एनजीओ के सदस्यों से बात की। जिसके माध्यम से बदमाश की जान बचाने के लिये खून की व्यवस्था की और सोमवार तक उसको चार यूनिट खून देकर उसकी जान बचा ली है। दोनों दरोगाओं के इस मानवीय कार्य की चारों तरफ सराहना हो रही है। वागीश मिश्र ने कहा कि हम उसके अंदर के अपराधी को खत्म करना चाहते हैं, किंतु उसकी प्राण रक्षा हमारा मानवीय धर्म है। पुलिस चाहती है कि वह अपराध छोड़कर एक अच्छा इंसान बने इसलिये उसके साथ मानवता दिखाई गई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















