धर्मस्थल पर आपत्तिजनक वस्तुएं फेंकने में तीन और आरोपी गिरफ्तार
शासन की ओर से पुलिस टीम को मिला एक लाख रुपये का पुरस्कार
राजेश कुमार श्रीवास्तव
अयोध्या। गत दिनों धर्मस्थल के बाहर आपत्तिजनक वस्तुएं फेंकने के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस प्रकरण में गत 28 अप्रैल को पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बुधवार को आइजी रेंज केपी सिंह एवं एसएसपी शैलेश पांडेय ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी साझा की।

आइजी रेंज ने कहाकि इस घटना के अनावरण को लेकर अयोध्या पुलिस की सजगता प्रशंसनीय है। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद अब इस प्रकरण में कोई आरोपी शेष नहीं बचा है। शासन की ओर से पुलिस टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया है। पत्रकार वार्ता में आइजी रेंज ने एसएसपी शैलेश पांडेय के हाथ से पुलिस टीम को मिला पुरस्कार एसपी सिटी विजय पाल सिंह को सौंपा। यह नकद पुरस्कार आईजी रेंज के नेतृत्व में छानबीन कर रही 25 सदस्यीय पुलिस टीम को प्रदान किया गया है। एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि गत 26 अप्रैल की देररात शहर के पांस धर्मस्थलों के बाहर आपत्तिजनक वस्तुएं फेंककर शहर का अमनचौन बिगाड़ने की साजिश रची गई थी। 27 अप्रैल को इसका मुकदमा कोतवाली नगर में दर्ज किया गया। धर्मगुरुओं को विश्वास में लेते हुए पुलिस ने इस प्रकरण में कड़ी मेहनत कर 24 घंटे में वारदात से जुड़े मुख्य आरोपी महेश मिश्र सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। बुधवार को देवकाली के पास से इन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए लोगों में अंगूरीबाग निवासी शरदचंद्र मिश्र उर्फ बाबू, तोगपुर सआदतगंज निवासी सुशील कुमार यादव एवं कुम्हारन टोला सआदतगंज निवासी अनिल कुमार चौहान शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त तीन बाइक एवं एक मुस्लिम टोपी भी बरामद की गई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















