नगर निगम की बकरा मण्डी व मुर्तजागंज के पशुबाजार में भी गड़बड़झाला
जिस पशु बाजार से जिला पंचायत अंजान, उसी को प्रतिवर्ष एनओसी
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। पशुपालन विभाग में ही नहीं नगर निगम में भी उल्टी गंगा बह रही है। नगर में कंधारी बाजार की बकरा मंडी में भी नगर निगम का स्वास्थ्य पैनल नहीं है, जबकि पैनल की ओर से जारी स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के आधार पर ही बिक्री होनी चाहिए। कई वर्ष से बिना स्वास्थ्य पैनल के बकरा मंडी संचालित है। इसी तरह सोहावल के मुर्तजागंज पशु बाजार में भी स्वास्थ्य पैनल नहीं है।

‘दैनिक जागरण’ को ये दोनों जानकारियां नगर निगम एवं पशुपालन विभाग ने जनसूचना अधिनियम (आरटीआई) के तहत मांगी गयी जानकारी के जवाब में दी गयी हैं। रौनाही पड़ाव के पास लगने वाले मुर्तजागंज पशु बाजार का स्वास्थ्य पैनल आज भी नहीं है। विभाग पशुबाजार के संचालन से ही अनभिज्ञतता जताता है। आरटीआइ में उसका यह झूठ तब है जब वह जिला पंचायत से पशु बाजार के लिए जारी लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए प्रतिवर्ष अनापत्ति (एनओसी) देता है। वर्ष 2022-23 के लिए उसी की अनापत्ति पर मुर्तजागंज पशुबाजार के लाइसेंस का नवीनीकरण जिला पंचायत ने किया है। जुलाई 2021 से चिकित्सालय के प्रभारी डा. अमरेश कुमार के अनुसार दो माह अप्रैल व मई में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र की कोई लेवी जमा नहीं की गई। इससे पहले 15 रुपये प्रति मवेशी स्वास्थ्य प्रमाणपत्र की लेवी कई बार जमा करायी जा चुकी है। इसे तब जमा कराते हैं, जब मवेशी परिवहन के लिए बाजार की तरफ से इसकी मांग की जाती है। चंद रोज पहले ही शासन पशु बाजार जुबेरगंज से जुड़े स्वास्थ्य प्रमाणपत्र समेत अन्य कई आरोपों में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) डा. अनिल कुशवाहा को निलंबित कर चुका है। उसी पशुपालन विभाग में सीवीओ के निलंबन के बाद बिना स्वास्थ्य पैनल के संचालित एक और पशु बाजार की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। कहा जा रहा है कि अगर इसकी भी जांच हुई तो इससे पहले के कई सीवीओ व पशु चिकित्सक इसकी चपेट में आने से नहीं बच सकेंगे जो स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के गड़बड़झाला में शामिल रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















