2024 में 75 से ज्यादा सांसदों को भेजेंगे लोकसभाः केशव
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। सआदतगंज स्थित भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय का उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने उद्घाटन किया। उद्घाटन से पहले सामूहिक सुंदरकांड पाठ हुआ। वैदिक मंत्रों के बीच हवन में आहुति डाली गई। कार्यालय उद्घाटन पर उप मुख्यमंत्री चुनावी मूड में दिखे।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव जो बूथ भाजपा हारी हो, 2024 में उसे जीतने के लक्ष्य के साथ कार्य करें। 2024 में प्रदेश से 75 से ज्यादा सांसदों को लोकसभा भेजेंगे। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा रखें। प्रधानमंत्री भारत को विश्व गुरु के तौर पर प्रतिष्ठित करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि अभी कम से कम 25 साल तक दूसरा दल नहीं दिखेगा। उन्होंने कहाकि कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उपमुख्यमंत्री ने मणिरामदास जी की छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास भेंट की। साथ ही कारसेवकपुरम में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। मसौधा विकासखंड के सरियावां गांव में उन्होंने अमृत सरोवर का शिलान्यास किया। कुछ देर में गांधी पार्क में गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व मंत्री अनिल तिवारी, विधायक रामचंद्र यादव, डा अमित सिंह चौहान, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, अवधेश पांडेय बादल, ओमप्रकाश सिंह आदि उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















